Rampur News: आजम के आवास के पास डटे तीन सपाई शांतिभंग में गिरफ्तार
रामपुर। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां के आवास पर छापेमारी की सूचना के बाद तमाम सपाई उनके आवास के पास जुट गए। एसएसबी के जवानों ने उन्हें वहां से हटने को कहा, जिसको लेकर सपाइयो ने आपत्ति जतानी शुरू कर दी। इस बीच मौके पर पहुंची गंज पुलिस ने तीन सपाइयों को हिरासत में ले लिया। गंज कोतवाल लव सिरोही ने बताया कि इस मामले में कबड्डी खिलाड़ी सुनील यादव, लालपुर के जाहिद खां और मुरादाबाद के गलशहीद निवासी सुहेल को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
कारोबारी के घर भी छापेमारी
रामपुर। सपा नेता आजम खां के करीबी रहे कारोबारी स्वर्गीय राकेश जैन के घर पर भी आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। करीब दो साल पहले राकेश जैन और उनके दोनों बेटों की कोरोना से मौत हो गई थी। वह आजम खां की यूनिवर्सिटी का निर्माण कराने में सबसे आगे रहे। तमाम इमारतों का निर्माण उनकी देखरेख में हुआ।
सियासी छापेमारी, आजम को बदनाम करने की साजिश : वीरेंद्र गोयल
रामपुर। समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने कहा कि लोकसभा चुनाव करीब आ चुके हैं, इसलिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह सियासी छापेमारी हो रही है। दूसरे प्रदेशों में भी विपक्षी दलों के नेताओं के यहां छापेमारी की जा रही है। कहा कि सरकार सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां को बदनाम करने में लगी हुई है जो कि पूरी तरह गलत है। जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। कहा कि उन्होंने इस मामले की पूरी जानकारी सपा नेतृत्व को भेज दी है। साथ ही सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव को भी घटनाक्रम की पूरी जानकारी दे दी है।


