Rampur News: डीजे बजाने को लेकर घराती-बराती भिड़े, युवती समेत दो घायल
स्वार (रामपुर) । क्षेत्र के एक गांव में डीजे पर गाना बदले जाने को लेकर घराती और बराती पक्ष के लोग आपस मे भिड़ गए। इनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले जिसमें एक युवती समेत दो लोग घायल हो गए। घटना से अफरातफरी मच गई जिसके चलते लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर दुबक गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बाराती पक्ष के दो लोगों को हिरासत में ले लिया है जबकि घायल सीएचसी भेज दिए गए।
उत्तराखंड के बाजपुर कोतवाली अंतर्गत ख़बड़िया गांव निवासी छोटे लाल के बेटे राहुल की बारात शुक्रवार को स्वार के कलीनगर गांव निवासी एक ग्रामीण के यहां आई थी। बारात का स्वागत सत्कार करने के बाद उन्हें भोज करा दिया गया। इसके बाद युवकों ने डीजे पर गाने बजाने और डांस का कार्यक्रम शुरू कर दिया। बताते हैं कि घराती और बाराती दोनों पक्ष के लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान डीजे पर बज रहा गाना अचानक बदल दिया गया।
डांस कर रहे एक पक्ष ने नाराजगी जताई और चल रहा गाना बंद कर पहले वाला गाना बजाने को लेकर कहासुनी और गाली गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते इनके बीच लाठी व डंडे भी निकल आये। मौके पर अफरातफरी मच गई और महिलाएं व बच्चे जान बचाकर भाग खड़े हुए। घटना में राकेश नामक युवक और एक युवती घायल हो गए। इस बीच किसी की सूचना पर पुलिस भी आ गई। उसने घायलों को सीएचसी भेज दिया जबकि बाराती पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली आ गई। किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। संभ्रांत लोग मामले में सुलह की जुगत में जुटे हैं। कोतवाल अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद समुचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बाराती पक्ष के दो लोग हिरासत में हाईं।