Rampur News: धार्मिक पोस्ट पर टिप्पणी में दो संप्रदाय भिड़े, चार पर रिपोर्ट
रामपुर। धार्मिक पोस्ट पर टिप्पणी करने के मामले में दो संप्रदायों के लोग भिड़ गए। जिसके बाद दोनों संप्रदायों के युवकों में मारपीट हो गई। मामले को बिगड़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया और चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। बुधवार देर रात को ढकिया चौकी क्षेत्र के मधुकर गांव में कई महीनों से दो पक्षों के कई लोग आपस में पोस्ट करके टिप्पणी कर रहे थे। धार्मिक पोस्ट पर टिप्पणी करने का मामला बुधवार रात को तूल पकड़ गया और झगड़े ने नया रूप ले गया। दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हो गई।
घटना के बाद एक संप्रदाय के युवक बाइक पर सवार होकर शाहबाद कोतवाली पहुंच गए थे। घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई थी। जिसके बाद कोतवाल करनपाल सिंह तुरंत युवकों को अपनी गाड़ी में बैठकर घटनास्थल पर पहुंच गए और जांच में जुट गए थे। देर रात को दो संप्रदायों में मामले को बिगड़ता हुआ देखकर पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया। देर रात में ही एक संप्रदाय के जोगेश की तहरीर के आधार पर दूसरे संप्रदाय के शानू, सरताज, फरमान और मुस्तफा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। जोगेश का आरोप है वह अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर खड़े हुए थे। उस दौरान चारों आरोपियों द्वारा मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
दूसरी ओर सुरक्षा के लिहाज से और मामले की नजाकत को देखते हुए बृहस्पतिवार सुबह को सीओ केएन आंनद, कोतवाल करनपाल सिंह, सैफनी इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह, पटवाई इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार, चौकी इंचार्ज विपिन कुमार और एसआई अमित कुमार समेत भारी पुलिस बल ने गांव में पैदल गश्त की। पैदल गश्त के दौरान गांव में चौपाल लगाए बैठे युवकों सीओ ने देखकर फटकार लगाकर दौड़ाया। साथ ही पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई।
सीओ का कहना है कि मधुकर गांव में दो संप्रदायों के युवकों के बीच कहासुनी हुई। उसके बाद मारपीट हो गई। माहौल बिगड़ने से पहले ही पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई कर दी गई। दो युवकों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है, बाकी असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिए पुलिस जांच कर रही है। गांव के माहौल को जिस संप्रदाय के व्यक्ति ने बिगाड़ा उसे जेल भेजा जाएगा।
दोनों संप्रदाय के 58 लोग पांच-पांच लाख मुचलके से पाबंद
डाकिया चौकी क्षेत्र के मधुकर गांव में दो संप्रदायों के लोगों के द्वारा माहौल बिगड़ने का प्रयास किया गया। इसमें मारपीट हुई पुलिस की ओर से मुकदमा पंजीकृत कर दो को जेल भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने एक संप्रदाय के 28 और दूसरे संप्रदाय के 30 समेत कुल 58 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। दोनों संप्रदाय के 58 लोगों को पांच-पांच लाख से पाबंद कर दिया है।