Rampur News: चारा ला रही महिला बिजली के करंट से झुलसी, गंभीर
बिलासपुर।खेत से मवेशियों के लिए हरा चारा लेकर बृहस्पतिवार की शाम घर लौट रही ग्राम पदपुरी निवासी किसान ओमप्रकाश की पत्नी माया देवी बिजली के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन महिला को घर लेकर पहुंचे और उपचार के लिए रेत में दबा दिया। परिजनों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
मिलक खानम थाना क्षेत्र के ग्राम पदपुरी का मजरा निवासी ओमप्रकाश खेती किसानी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे उनकी पत्नी माया देवी (40 वर्ष) अपने घर में पल रहे मवेशियों के लिए खेत से हरा चारा लेकर आ रही थीं।इसी दौरान रास्ते में लटक रही विद्युत लाइन के झूलती तारों में सिर में रखे हरे चारे के टकरा जाने से वह करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस कर लाइन के नीचे गिर गईं। महिला को गिरता देख तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए व परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए व गंभीर रूप से झुलसी महिला को घर ले गए और रेत में दबा दिया। परिजनों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।