Rampur News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत
दढि़याल। नगर निवासी युवक की मंगलवार को अपने घर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर में युवक के अपने घर के कमरे में फंदे से लटककर फांसी लगाए जाने की चर्चा है। जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नगर के काशीपुर मार्ग निवासी मसूद अली उर्फ अटून (25) अपने पिता के साथ खेती बाड़ी में हाथ बटाता था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उसकी अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चर्चा है कि जब घर की महिलाएं घरेलू कामों में व्यस्त थीं उसने अपने कमरे में बने रोशनदान से लटककर जान दे दी। परिजनों ने कमरे में झांककर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। जब तक उसे फंदे से नीचे उतारा गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घटना के करीब दो घंटे बाद सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी टांडा संगम कुमार, टांडा कोतवाल सुरेंद्र सिंह पचौरी और चौकी इंचार्ज राकेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए बारीकी से निरीक्षण किया। बाद शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है रिपोर्ट आने पर ही मौत की असली वजह बताई जा सकती है फिलहाल परिजन ज्यादा कुछ नहीं बता पा रहे हैं।


