Rampur: पूर्व सांसद जयाप्रदा को गिरफ्तार नहीं कर पाई पुलिस, आज फिर होगी सुनवाई, आचार संहिता के उल्लंघन केस
आचार सहिता उल्लंघन के दो मामलों में पूर्व सांसद जयाप्रदा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। रामपुर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली से लेकर मुंबई तक छापेमारी की थी। लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इस मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार को होगी।

रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आचार संहिता के उल्लंघन के दो मामलों में फरार चल रही पूर्व सांसद जयाप्रदा को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इन मामलों की सुनवाई बृहस्पतिवार को होगी। आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल ने उनके खिलाफ दोनों मामलों में गैर जमानती वारंट जारी किए थे।
कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद भी हाजिर न होने पर पुलिस अधीक्षक को विशेष टीम गठित कर पूर्व सांसद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए थे। कोर्ट के आदेश के बाद एसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया था।
इस टीम ने रामपुर से लेकर मुंबई दिल्ली और हैदराबाद तक छापेमारी की थी लेकिन पुलिस को पूर्व सांसद जयाप्रदा हाथ नहीं लगी। करीब एक सप्ताह के प्रयास के बाद पुलिस की विशेष टीम वापस लौट आई।
दस जनवरी को कोर्ट ने जमानतियों के खिलाफ अलग से फाइल खोलते हुए पूर्व सांसद के खिलाफ फिर से गैर जमानती वारंट जारी किया था। अब इस मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार को होनी है।


