Rampur: ट्रेन से गिरकर रिटायर्ड रेलवे कर्मी की पत्नी की मौत, नैनीताल से घूमकर जा रही थी लक्सर

जान गंवाने वाली महिला के परिजन ने जानकारी लेते पुलिस
– फोटो : संवाद
विस्तार
केमरी थाना क्षेत्र में अपने परिवार के साथ नैनीताल से घूम कर ट्रेन से अपने घर जा रहे लक्सर के एक रिटायर्ड रेलवे कर्मी की पत्नी सोतारी देवी (65) की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। रातभर परिजन उन्हें तलाश करते रहे। बृहस्पतिवार की सुबह तड़के ही केमरी क्षेत्र के ग्राम स्वार खुर्द गांव के समीप रेलवे लाइन के किनारे ग्राम प्रधान ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पाकर मौके पर मृतका के परिजन, जीआरपी व केमरी पुलिस पहुंच गई। मृतका के पुत्र मोतीराम ने बताया कि वह 12 दिसंबर को परिजन लक्सर से नैनीताल घूमने गए थे। उनके साथ उनके पिता रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी सीताराम, माता सोतारी व बुआ मीला भी थे।
13 दिसंबर वे परिवार वालों के साथ वापस लक्सर जाने के लिए बुधवार की रात करीब नौ बजे हल्द्वानी से ट्रेन में बैठे थे। मोतीराम ने बताया कि रात करीब 11 बजे उनकी माता सोतारी ट्रेन के शौचालय की तरफ गईं थीं। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उन्होंने शौचालय की तरफ जाकर देखा तो मां नहीं मिलीं।
घबराकर परिवार वाले ट्रेन के डिब्बे में उन्हें इधर-उधर ढूंढने लगे। काफी तलाश के बाद वह लोग रामपुर स्टेशन पर उतर गए और रेलवे पुलिस को इसकी जानकारी दी। रात में ही रेलवे पुलिस ने परिजनों के साथ रामपुर से बिलासपुर रेलवे लाइन पर तलाश की और केमरी, बिलासपुर पुलिस को भी सूचना दी।
रातभर रेलवे पुलिस व केमरी पुलिस वृद्धा को ढूंढती रही। सुबह करीब छह बजे केमरी क्षेत्र के ग्राम स्वार खुर्द के प्रधान इमरान अली ने पुलिस को सूचना दी कि किसी महिला का शव उनके गांव से निकलने वाली रेलवे लाइन के नीचे खेत में पड़ा हुआ है।