Rampur: घरेलू विवाद में पत्नी को लाइसेंसी बंदूक से गोली मारी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती; आरोपी गिरफ्तार

प्रतीकात्मक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
रामपुर के स्वार क्षेत्र के समोदिया गांव में घरेलू विवाद में ग्रामीण ने लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें लहूलुहान हालत में स्वार सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस संबंध में बेटे ने अपने पिता के खिलाफ कोतवाली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के समोदिया में श्यामलाल का परिवार रहता है। बृहस्पतिवार की शाम आसपास के लोगों ने श्याम लाल और उनकी पत्नी कुसुम रानी के बीच कहासुनी और गाली-गलौज की आवाज सुनी। कुछ देर बाद श्यामलाल ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मार दी। गोली लगने से वह घायल हो गईं और आरोपी पति फरार हो गया। परिवार के लोग ग्रामीणों की मदद से घायल को स्वार सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस बीच घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी सीएचसी पहुंच गई।
घायल कुसुम रानी के बेटे ने कोतवाली पुलिस को अपने पिता श्याम लाल के खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।