Rampur: शादी में शामिल होने गई थी युवती, रिश्तेदार ने कर दी छेड़खानी…परिजन पहुंच गए थाने

रामपुर में चेकिंग करती पुलिस
– फोटो : amar ujala
विस्तार
बरात में आई युवती ने अपने रिश्तेदार पर छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रामपुर निवासी एक युवती रविवार की दोपहर अपने परिजनों के साथ बिलासपुर कोतवाली पहुंची। युवती ने पुलिस से शिकायत की कि वह चार दिसंबर को नगर स्थित एक बरातघर में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आई थी।
बरात में ही कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी उनका एक रिश्तेदार भी आया हुआ था। आरोप है की कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी उसके एक रिश्तेदार ने उसके साथ बरातघर में छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी पक्ष को भी कोतवाली बुला लिया।
जहां पुलिस ने आरोपी पक्ष से भी बात की तो उन्होंने छेड़खानी जैसे आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया। जबकि, युवती घटना की रिपोर्ट दर्ज करनी की मांग पर अड़ गई। पुलिस ने युवती को आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच कर शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई करेंगे। इसके बाद पुलिस युवती व उसके परिजनों को लेकर बरातघर भी पहुंची।
जहां पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी चेक करने की बात कही। वहीं, कुछ लोगों ने दोनों पक्षों के मध्य आपसी समझौता कराने के प्रयास भी किए, मगर आपसी समझौता नहीं हो सका। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।

