बहन का बदला बहन से: लड़की भगाने के शक में युवक की सिस्टर को उठा ले गए दबंग, दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
बदायूं के उझानी में लड़की भगाने के शक में प्रेमी युवक की बहन को लड़की के घर वाले उठा ले गए। दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई इस वारदात से पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने आरोपियों पर दबाव बनाया तो वह युवक की बहन को लेकर कोतवाली पहुंचे। युवक की बहन ने मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटना में शामिल तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
उझानी का रहने वाला युवक पावर कॉरपोरेशन में संविदाकर्मी है। युवक का इस्लामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी चाची के मायके की रहने वाली युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजनों ने एक महीने पहले उसकी शादी कहीं और कर दी। बृहस्पतिवार को वह युवती अपने घर आई और शुक्रवार की सुबह खेत की ओर जाने की बात कहकर गायब हो गई। युवती के परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने उझानी के युवक पर लड़की को भगाने का शक जाहिर किया और कई बाइकों पर सवार होकर युवक के घर पहुंच गए।
युवक की बहन उस वक्त घर में अकेली थी। मौके का फायदा उठाकर वह युवक की बहन को उठा ले गए। युवक की मां को इस बात की जानकारी हुई तो उसने पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार शाम करीब सात बजे लापता हुई युवती के परिजन युवक की बहन को लेकर कोतवाली पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने युवक को बुलाया तो उसने कहा कि वह बदायूं विद्युत उपकेंद्र पर ड्यूटी पर था उसको नहीं पता कि युवती किसके साथ गई है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले से जुड़े तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इस संबंध में उझानी कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि दोनों ही पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। मामले की जांच की जा रही है, जांच में जो सच सामने आएगा उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



