बरेली

Bareilly News: रिपोर्ट दर्ज कर मुजफ्फरपुर के पांच संदिग्धों से पूछताछ कर रही आरपीएफ

Connect News 24

बरेली। 15910 अवध-असम एक्सप्रेस में धमाका होने के मामले में आरपीएफ ने ट्रेन में ज्वलनशील पदार्थ के साथ यात्रा करने के आरोप में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी पांच संदिग्धों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, आरपीएफ, जीआरपी और अग्निशमन विभाग की जांच अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।

अवध-असम एक्सप्रेस में सोमवार दोपहर धमाका हुआ था। अग्निशमन विभाग ने जांच के दौरान प्रथम दृष्टया ट्रेन में रखे पटाखों में आग लगने का दावा किया था। जांच के दौरान जंक्शन के सीसीटीवी कैमरों और आरक्षण चार्ट के अनुसार आरपीएफ ने पांच संदिग्धों की पहचान की है। मुजफ्फरपुर आरपीएफ उनको हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरपीएफ इंस्पेक्टर मनोज सिंह ने बताया कि संदिग्धों में से कोई यात्री कोच में सिगरेट या बीड़ी पी रहा था। इसी कारण सीट के नीचे रखे बैग ने आग पकड़ ली। कोच में धमाके के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने में अभी समय लगेगा। कोच से लिए गए सैंपल की जांच की जा रही है।

अग्निशमन विभाग ने डीआरएम को भेजी रिपोर्ट

अग्निशमन विभाग की ओर से 20 दिन पहले ही जीआरपी और आरपीएफ को आगाह करते हुए एडवाइजरी जारी की गई थी। सीएफओ चंद्रमोहन शर्मा ने बताया कि एडवाइजरी के अनुसार जंक्शन और ट्रेनों में इंतजाम नाकाफी थे। प्रथम दृष्टया कोच में धमाका होने का कारण आतिशबाजी ही प्रतीत हो रहा है। इस संबंध में रिपोर्ट डीआरएम को भेज दी है।

स्लीपर श्रेणी में वेटिंग टिकट पर सफर कर रहे थे 330 लोग

हादसे के वक्त अवध-असम एक्सप्रेस की स्लीपर श्रेणी में 330 से ज्यादा यात्री वेटिंग टिकट पर सफर कर रहे थे। एस-2 कोच की जिस सीट के नीचे धमाका हुआ, उस पर भी पांच लोग बैठे थे। आरपीएफ की जांच में सामने आया है कि इन यात्रियों में से सिर्फ एक के पास कंफर्म टिकट था। एक यात्री जनरल टिकट पर इस कोच में यात्रा कर रहा था। वह भी बिहार के मुजफ्फरपुर का बताया जा रहा है।

जंक्शन पर सुरक्षा के इंतजाम धड़ाम, लगेज स्कैनर भी नहीं कर रहा काम

फोटो

बरेली। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में क्षमता से ज्यादा यात्री सफर कर रहे हैं। इसके बाद भी जंक्शन पर सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं। प्लेटफार्म पर यात्रियों के सामान की जांच के लिए लगा लगेज स्कैनर भी काम नहीं कर रहा है। सर्कुलेटिंग एरिया में आग बुझाने के लिए दिखावे के संसाधन हैं। यहां लटक रही बाल्टियों में रेत की जगह पत्थर भरे हैं। प्लेटफार्म नंबर एक को छोड़ दें तो अन्य प्लेटफार्म पर यात्रियों की निगरानी नहीं होती। तमाम यात्री प्लेटफार्म पर बीड़ी-सिगरेट पीते नजर आते हैं। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने कमियों को दुरुस्त करने की बात कही है।

वर्जन

आरपीएफ ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संबंधित कोच के कुछ यात्रियों को चिह्नित किया गया है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की भी मदद ली जा रही है। अभी स्थिति पूरी तरह स्प्ष्ट नहीं हो सकी है। – आशुतोष शुक्ला, एसएसपी जीआरपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button