तबाही मचाने लगी शारदा: पूरनपुर में नदी का रौद्र रूप देख कई गांवों में खलबली, सड़कों के ऊपर से बह रहा पानी

कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर में शारदा नदी ने बनबसा बैराज से 2.19 लाख क्यूसेक पानी पास होने के बाद तबाही मचानी शुरू कर दी है। गांव चंदिया हजारा और कॉलोनी नंबर छह में पानी घुस गया है। देर रात तक पानी और बढ़ने की आशंका से गांवों के लोगों में खलबली मच गई। वे घरेलू सामान और पशुओं को ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए।
शारदा नदी में सोमवार सुबह बनबसा बैराज से 2.19 लाख क्यूसेक पानी रिलीज हुआ। दोपहर तक यह पानी गांव चंदिया हजारा और कॉलोनी नंबर छह में पहुंच गया। इससे पहले गांव पहुंचे एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने गांव में घूमकर ग्रामीणों को शाम तक पानी घुसने की जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की। धार्मिक स्थल से भी अनाउंस कराया गया।
ये भी पढ़ें- मेरा शादी का सपना तोड़ दिया: कार्ड बंटने के बाद कौन तोड़ता है रिश्ता, वीडियो में दर्द बयां कर युवती ने दी जान
गांवों में पानी घुसते ही लोगों में खलबली मच गई है। लोग कीमती घरेलू सामान, जानवर, बाइक, इंजन, ट्रैक्टर, खाद्यान्न आदि ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए। इधर, शारदा नदी ने खिरकिया बरगदिया की ध्रुव कॉलोनी के पास कटान तेज कर दिया है। नदी के तेजी से कटान करते हुए कॉलोनी की ओर बढ़ने से लोगों में खलबली मची हुई है।

