Shahjahanpur: खुटार के जंगल से कटे 13 पेड़, फॉरेस्टर निलंबित, रेंजर पर लटकी कार्रवाई की तलवार

वन चौकी पर रखी जंगल से मिली लकड़ी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर जिले में खुटार रेंज के सिहुरा चौकी क्षेत्र के जंगल में कोरो के 13 पेड़ काटे जाने का खुलासा होने के बाद सिहुरा वन चौकी के फॉरेस्टर पुष्पेंद्र कनौजिया को निलंबित कर दिया गया। रेंजर मनोज श्रीवास्तव पर भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पेड़ काटे जाने की जानकारी सात जनवरी को ही वनकर्मियों को हो गई थी। इसके बावजूद रेंजर या अन्य वन अफसरों ने मामले में कार्रवाई नहीं की। मौके से कुछ पेड़ों के बोटे उठाकर चौकी पर रखवा लिए थे। अमर उजाला ने 13 जनवरी को अवैध कटान का खुलासा किया था। इसके बाद बरेली जोन के मुख्य वन संरक्षक वी. प्रभाकर ने मौका मुआयना कर खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया। तीन दिन में टीमों ने कई गांवों में छापे मारे, मगर लकड़ी काटने वालों का सुराग नहीं लगा सकीं।
घटना से नाराज मुख्य वन संरक्षक ने सोमवार को जिम्मेदार वनकर्मियों पर कार्रवाई शुरू कर दी। सबसे पहले फॉरेस्टर को निलंबित करने के आदेश दिए। साथ ही रेंजर पर विभागीय कार्रवाई की बात कही है। अभी और भी वनकर्मी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं।