Shahjahanpur News: कलश यात्रा के साथ 27 से शुरू होगा 108 कुंडीय महायज्ञ
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 26 Oct 2023 12:26 AM IST
शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान और गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा के सौजन्य से 27 से 30 अक्तूबर तक 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया है। बुधवार को गायत्री शक्तिपीठ में बनारस से आए युग ऋषि संदेशवाहक विद्याधर मिश्र ने बताया कि नव युग निर्माण योजना एवं विचार क्रांति अभियान का आह्वान है कि हर व्यक्ति साधना पर ध्यान दे। इस बार कार्यक्रम का आयोजन नारी सशक्तीकरण विषय पर किया जा रहा है। बताया कि 27 अक्तूबर को शक्ति कलश यात्रा बाबा बनखंडी नाथ मंदिर से शुरू होकर मिशन फील्ड गौहरपुरा में संपन्न होगी। उन्होंने 28 से 30 अक्तूबर तक होने वाले गायत्री महायज्ञ एवं 29 अक्तूबर की शाम होने वाले दीप महायज्ञ में सहभागिता का आह्वान किया। बताया कि संपूर्ण कार्यक्रम शांतिकुंज हरिद्वार से आईं टोलियों द्वारा संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम प्रमुख जय सिंह यादव, सूरज वर्मा, रंजीत वर्मा, मुख्य प्रबंधक राजाराम मौर्य और दुर्गेश सिंह मौजूद रहे।

