Shahjahanpur News: स्कूल के बाहर भिड़े छात्र, मारपीट में 11वीं के छात्र के कपड़े फटे
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के माधवराव सिंधिया स्कूल के बाहर छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। घटना में कक्षा 11 का छात्र घायल हो गया। उसके कपड़े भी फट गए।
मोहल्ला अब्दुल्लागंज निवासी टेंट व्यवसायी का पुत्र माधवराव सिंधिया पब्लिक में कक्षा 11 का छात्र है। उसका स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र से किसी बात को लेकर चार दिन पूर्व विवाद हो गया था। दोनों में कहासुनी होने पर स्कूल के अन्य छात्रों ने समझौता करा दिया था। सोमवार को किसी बात को लेकर फिर से विवाद हो गया।
आरोप है कि छात्र ने अपने भाई को फोन कर 10-15 अन्य लोग बुलवा लिया। दोपहर करीब दो बजे छुट्टी के बाद टेंट व्यापारी का पुत्र जैसे ही स्कूल के बाहर आया। उन लोगों ने घेरकर लोहे की रॉड से उसे जमकर पीटा। मारपीट में उसके गंभीर चोट आई और कपड़े फट गए। पीड़ित छात्र ने पुलिस चौकी अजीजगंज पहुंचकर घटना की तहरीर दी है। अजीजगंज चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कैंट में छात्राें में विवाद, रुपये छीनने का आरोप
थाना सदर बाजार क्षेत्र में कैंट में छात्रों में मारपीट हो गई। एक पक्ष ने मारपीट और रुपये छीनने का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी है। क्षेत्र के मोहल्ला हुंडालखेल निवासी छात्र अपने दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था। रास्ते में बाडूजई प्रथम निवासी युवक ने अपने साथियों के साथ घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जान से मारने की धमकी देते हुए जेब में रखे 1300 रुपये भी छीन लिए। हुंडालखेल निवासी छात्र ने थाने पर सदर थाने में तहरीर दी है। संवाद