Shahjahanpur News: ककरा कुंड के 150 घर पानी से घिरे, लोग हुए कैद

ककरा खुर्द मोहल्ले में लोगों के घरों तक हुआ जलभराव।संवाद
शाहजहांपुर। लगातार बारिश होने के चलते मोहल्ला ककरा के करीब 150 घर पानी से घिर गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से करीब दर्जन भर परिवार मकानों में ताला डालकर रिश्तेदारी में चले गए हैं। जो लोग रह रहे हैं वह मकान के चारों ओर पानी भरा होने से घरों में ही कैद हो गए हैं।
ककरा कुंड में खेतों की ओर नई प्लाॅटिंग होने के बाद लोग मकान बनवाकर रहने लगे हैं। बारिश होने के बाद पानी की निकासी का इंतजाम न होने के चलते खेतों में बने मकान पानी से घिर गए हैं। इसी तरह ककराखुर्द से लगे मकान भी चपेट में आ गए हैं। पानी कम न होने के कारण लोगों को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। लोग दूसरी मंजिल पर रहने को मजबूर हैं। उन्हें साफ पानी तक के लिए जूझना पड़ रहा है।
दूसरी ओर सुरक्षा की दृष्टि से दर्जनभर परिवारों ने पलायन कर दिया है। वह सुरक्षित स्थानों पर या अपनी रिश्तेदारी में चले गए हैं। मोहल्ले वालों के अनुसार, नगर निगम के एमआरएफ सेंटर की दीवार के पीछे नाला चला गया। इस वजह से नाले में पानी पास नहीं हो पा रहा है। तीन माह पहले दीवार नहीं होने के चलते आसानी से पानी पास हो जाता था।
प्लाटिंग करने वाले ने नहीं दी जलभराव की जानकारी
मोहल्ले में मकान बनाने वालों का कहना है उन्हें जमीन खरीदने के दौरान यह नहीं बताया गया कि जलभराव हो जाता है। इस बार बारिश होने से जलभराव हो गया है। जिसकी वजह से दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
काफी दिक्कतों से जूझ रहे हैं
-मकान पानी के बीच में आ गया है। इसकी वजह से मकान से निकलना ही मुश्किल हो गया है। काफी दिक्कतों से जूझ रहे हैं। – सायबा
जलभराव के बारे में पहले नहीं था पता
मकान बनाए जाने के लिए जमीन खरीदी थी, तब प्लाटर ने यह नहीं बताया था कि यहां जलभराव हो जाता है। पहली बार दिक्कत आई है।
– मोहम्मद नौशाद
नगर निगम दिलाए समस्या से छुटकारा
-मकान बनाया तब ऐसी समस्या नहीं आई थी। जबसे एमआरएफ सेंटर की दीवार बनी है, मुसीबत हो गई है। नगर निगम को ध्यान देना चाहिए
– लियाकत
मकान के आसपास भरा पानी
-घर में शादी होने वाली है। मकान के आसपास पानी भरा हुआ है। जिसकी वजह से परेशान हो रहे हैं। जरूरी काम भी नहीं कर पा रहे हैं।
-पप्पू
एमआरएफ सेंटर की दीवार बनाए जाने की जानकारी नहीं है। फिलहाल ककरा कुंड की जलभराव की समस्या को दिखवाया जाएगा। किसी को दिक्कत हो रही है तो समाधान कराएंगे।
– संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त

ककरा खुर्द मोहल्ले में लोगों के घरों तक हुआ जलभराव।संवाद

ककरा खुर्द मोहल्ले में लोगों के घरों तक हुआ जलभराव।संवाद

ककरा खुर्द मोहल्ले में लोगों के घरों तक हुआ जलभराव।संवाद