Shahjahanpur News: आवास दिलाने के नाम पर महिला से 17 हजार ठगे
खुटार। आवास दिलाने के नाम पर गांव दिलीपपुर निवासी बच्चू सिंह कुशवाहा की पत्नी धन देवी से तीन बार में 17 हजार रुपये ठग लिए गए।
धन देवी ने बताया कि आठ दिन पूर्व उनके मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को लखनऊ से ग्राम विकास विभाग का अधिकारी बताया। फोन करने वाले ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की बात कहते हुए खर्चे की मांग की। ठग ने धनदेवी से ढाई हजार रुपये फोन पे के माध्यम से ले लिए। दो दिन बाद फिर से अधिकारियों को देने के नाम पर 35 सौ रुपये ठग लिए गए।
महिला ने बैंक जाकर आवास की किश्त की जानकारी ली तो पता चला कि उनके खाते में कोई राशि नहीं आई है। महिला ने ठग को फोन किया तो उसने 11 हजार रुपये और देने को कहा। धनदेवी ने 11 हजार रुपये ऑनलाइन भेज दिए। इसके बाद भी कोई राशि न आने पर धनदेवी को ठगे जाने का एहसास हुआ। धनदेवी ने ठग के नंबर पर कॉल की तो फोन स्विच ऑफ बताता रहा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।