Shahjahanpur News: वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
जलालाबाद। थाना क्षेत्र के गांव चौखुटिया निवासी 58 वर्षीय ओमप्रकाश की बृहस्पतिवार शाम किसी वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई।
जलालाबाद बाजार से खरीदारी करने के बाद ओमप्रकाश गांव जा रहे थे। शाम करीब सात बजे जब वह बुधुआना रोड पर गांव कटकिया जाने वाली मोड़ के आगे थे तभी सामने से आए किसी वाहन से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान हालत में मिले ओमप्रकाश को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। लोगों द्वारा की गई शिनाख्त के बाद पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। ओमप्रकाश खेतीबाड़ी करते थे। उनके घर में पत्नी के अलावा तीन बेटे और दो बेटियां है। बेटियों की शादी हो चुकी है।