Shahjahanpur News: 2.35 करोड़ से चमकेंगी मलिन बस्ती की सड़कें
शाहजहांपुर। जिले की मलिन बस्तियों की सड़कें जल्द चकाचक होंगी। मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित और मलिन बस्ती विकास योजना के तहत 2.30 करोड़ रुपये से सड़कों के इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा। इसकी डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित और मलिन बस्ती विकास योजना का संचालन किया जाता है। इस योजना से अल्प विकसित और मलिन बस्ती में विकास कार्य कराए जाते हैं। योजना के अंतर्गत जिले में 20 कार्यों को शासन से स्वीकृति मिली है। इनमें महानगर में 13, कलान में तीन तथा जलालाबाद में चार कार्य होंगे जहां पर इंटरलॉकिंग, सीसी रोड का निर्माण करवाया जाएगा। नालियों का निर्माण होगा।
साथ ही पेयजल और प्रकाश की व्यवस्था भी कराई जाएगी। इसकी डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाकर शासन को भेजने की तैयारी की जा रही है। अपर नगर आयुक्त और प्रभारी परियोजना अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि डीपीआर बन गई है, जिसको सूडा को भेजा जाएगा। यहां से इसे शासन को भेजा जाएगा। धनराशि प्राप्त होने के बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इस कार्य में एक से दो माह का लग सकते हैं। टेंडर होते ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। नगर निगम के वार्ड नंबर 30 में भी कई कार्य होंगे।
जलालाबाद में होने वाले कार्य
-नगर पालिका परिषद जलालाबाद के वार्ड नंबर 15 के मोहल्ला इसरार नगर में राजू के मकान से राशिद के मकान तक, वार्ड नंबर तीन के मोहल्ला रमजाननगर में सोमवीर के मकान से छोटे लाल के मकान तक, वार्ड नंबर 21 के मोहल्ला निजामनगर में हबीब अंसारी के मकान से कालू के मकान तक, मोहल्ला बगिया में नन्हें शाह के मकान से गुलशेर के मकान तक सीसी इंटरलाकिंग मार्ग व नाली निर्माण कार्य करवाया जाएगा।
कलान में होने वाले कार्य
नगर पंचायत कलान में सोनपाल के मकान से बिट्टू के मकान तक, वार्ड नंबर छह के मोहल्ला बुद्धनगर में रतिराम के मकान से सुनील के मकान तक, छोटेलाल मास्टर के घर से बुद्धपाल गुप्ता के घर तक सीसी इंटरलॉकिंग सड़क तथा नाली निर्माण किया जाएगा।