Shahjahanpur News: जेल रोड पर 22 दिन सीवर लाइन की खोदाई, झेलिए जाम

अंटा चौराहा से कचहरी मार्ग। संवाद
शाहजहांपुर। अमृत कार्यक्रम के तहत सीवर लाइन बिछाने के लिए डॉ. वाईके सिंह अस्पताल से फायर स्टेशन तक रोड कटिंग का कार्य विरोध के चलते मंगलवार को शुरू नहीं हो सका। अब यह कार्य बुधवार से शुरू होगा। दोपहर में एडीएम प्रशासन के साथ बैठक के बाद रूट डायवर्जन पर सहमति बन गई लेकिन जिस मार्ग से वाहनों को गुजारा जाएगा, वहां पहले से ही जाम की विकट समस्या है। अब अगले 22 दिन यहां आफत ही आने वाली है।
जल निगम के एक्सईएन सुनील कुमार यादव ने बताया कि एडीएम प्रशासन की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई। इसमें व्यापारी नेता, पुलिस और यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सर्वसम्मति से बुधवार से काम शुरू कराए जाने का निर्णय हुआ। इधर, सुबह से ही सीवर लाइन बिछाने के लिए सामग्री पहुंचाने का काम शुरू हो गया। संभव है कि रात से ही रोड कटिंग का काम शुरू करवा दिया जाएगा। इस दौरान पांच से छह मीटर तक गहरी खोदाई की जाएगी। इस दौरान ओसीएफ, विद्युत, दूरसंचार और अन्य केबल लाइनों तथा जल फीडर की लाइन क्षतिग्रस्त हो सकती है। इनकी मरम्मत सीवर लाइन बिछाने के साथ ही की जाएगी। यह कार्य 12 दिसंबर तक चलेगा, तब तक पूरी तरह से मार्ग परिवर्तन व्यवस्था लागू रहेगी।
प्रभातफेरी के लिए नहीं बंद होगा कार्य
– एक्सईएन ने बताया कि वाल्मीकि जयंती, धनतेरस, दिवाली, भैयादूज, साईं महा पालकी यात्रा के दौरान सीवर लाइन का काम काफी प्रभावित रहा। इसको और अधिक प्रभावित नहीं किया जा सकता। निर्धारित समय से पूर्व सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा किया जाना था। इसमें पहले से ही काफी देरी हो चुकी है। अब किसी धार्मिक आयोजन के लिए काम को नहीं रोका जाएगा। सीवर लाइन बिछाने के कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी। लोगों को सहूलियत को ध्यान में रखते हुए रूट डायवर्जन लागू रहेगा। पैदल और साइकिल सवार उसी रूट से निकल सकेंगे।
ई-बसें और स्कूली बसाें को बाहर से निकाला जाएगा
जेल रोड पर कार्य होने के चलते शहर में जाम में फंसने के लिए तैयार हो जाएं। ई-बसें और स्कूलों की बड़ी बसें शहर के बाहर से ही गुजरेंगीं। व्यवस्था को पटरी पर रखने के लिए यातायात पुलिस ने रूट प्लान तैयार किया, लेकिन संकरी सड़कों पर इतना अधिक यातायात का दबाव सहन करना आसान नहीं होगा। ऐसे में बहुत जरूरी न होने पर घर से निकलने से परहेज करें।
इन रास्ते से गुजारे जाएंगे वाहन
-खिरनीबाग से अंटा चौराहा की ओर जाने वाला रास्ता बंद होने के चलते इस रूट पर चलने वाले वाहन पीडब्ल्यूडी तिराहा, जीआईसी तिराहा, हथौड़ा चौराहा होते हुए रवाना किए जाएंगे। इसी तरह बरेली मोड़ से आने वाले वाहन राजघाट तिराहा, कनौजिया तिराहा होते हुए हद्दफ चौकी से लाल इमली से निकाले जाएंगे।
बसों के शहर में आने पर लगी रोक
-खोदाई के कार्य के चलते इलेक्ट्रिक बसें शहरी क्षेत्र में नहीं चलाई जाएंगी। इन्हें भी रोजवेड से पीडब्ल्यूडी तिराहा होते हुए अटसलिया मोड़ तक भेजा जाएगा। इसी रूट से वापस रोडवेज होते हुए बसें पुवायां जाएंगी। स्कूली बसों को शहर में नहीं चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मिनी बसें चलाने के लिए कहा गया है।
सीओ यातायात जगदीश लाल टम्टा ने बताया कि विभिन्न प्रतिष्ठानों की बड़ी बसें शहर में नहीं आने दी जाएंगी। ये बरेली मोड़ पर अपनी सवारी लेकर वहीं से चलेंगे।
ठेला और वाहन सड़क के किनारे खड़ा करने पर पाबंदी
-राजघाट से कनौजिया अस्पताल और कच्चा कटरा से मालखाना, अंजान चौकी से घंटाघर, लाल इमली के मध्य ठेला-ठेली और वाहन सड़क पर नहीं खड़े होने दिया जाएगा। खड़े वाहन को बिना सूचना दिए क्रेन के जरिये ही उठा लिया जाएगा। इस रूट पर दुकानों का सामान, बोर्ड भी अंदर रखना होगा।
ई-रिक्शा का रूट भी डायवर्ट
-घंटाघर से मालखाना की तरफ जाने वाले ई-रिक्शा अंजान चौराहा से अंटा चौराहा की तरफ डायवर्ट किए जाएगा। यह बेरी तिराहा, केरूगंज तिराहा, चार खंभा, राजघाट तिराहा होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। बेरी तिराहा से मालखाना तिराहा की तरफ ई-रिक्शा, ऑटो, पिकअप को प्रतिबंधित कर दिया गया है।



