Shahjahanpur News: 3046 वाहन मालिकों ने नहीं जमा किया कर

नियामतपुर स्थित परिवहन विभाग का कार्यालय।संवाद
शाहजहांपुर। परिवहन विभाग के बकायेदारों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो अप्रैल के बाद से 3046 वाहन मालिक विभाग का करोड़ों रुपया दबाए बैठे हैं। ऑटो, मोटर कैब, ट्रक समेत कई प्रकार के वाहनों के कर अदायगी नहीं करने पर नोटिस भेजने का सिलसिला शुरू हो गया है।
गत वर्षों के सैकड़ों बकायेदाराें ने परिवहन विभाग के कर को अदा नहीं किया है। इसमें सबसे ज्यादा ई-रिक्शे थे। पुराने बकायेदारों को छोड़ दें तो अप्रैल के बाद भी कई वाहन मालिकों ने टैक्स अदायगी से मुंह मोड़ लिया है। इसमें 2288 यात्री वाहन शामिल हैं, जबकि 758 अन्य वाहन हैं। सभी वाहनों के नाम, नंबर और उनके मालिक के नंबर को सूचीबद्ध किया गया।
विभाग ने कर नहीं अदा करने वाले वाहन मालिकाें को डाक के माध्यम से नोटिस भेजे गए हैं। उन्हें फोन कर टैक्स अदा करने के लिए कहा जा रहा है।
कर अदा न करने वाले वाहन मालिकों पर कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग अभियान को शुरू कर दिया गया। वाहन मालिक समय से अपने कर की अदायगी करते रहें।
– शांतिभूषण पांडेय, एआरटीओ