Shahjahanpur News: पुरानी पेंशन योजना बहाली के लिए पक्ष में पड़े 658 मत

शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर मतदान के बाद मतगणना करते एनआरएमयू के पदाधिकारी।
शाहजहांपुर। पुरानी पेंशन योजना बहाली के लिए शाहजहांपुर व रोजा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को भी मतदान हुआ। रेल कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के आधार पर देशव्यापी बहिष्कार का निर्णय लिया जाएगा। शाहजहांपुर शाखा के 658 रेल कर्मचारियों ने पक्ष में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि विपक्ष में एक भी मत नहीं पड़ा।
पुरानी पेंशन योजना बहाली संयुक्त मंच (एनजेसीए) के आह्वान पर ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन और नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की ओर से पूरे देश में गुप्त मतदान कराया गया। जिसके तहत शाहजहांपुर के रेल कर्मचारियों ने हड़ताल के पक्ष में अपना शत प्रतिशत मत दिया। शाखा सचिव शिवकुमार सक्सेना एवं शाखाध्यक्ष रामौतार शर्मा के नेतृत्व में दो दिन चले गुप्त मतदान की मत पेटियां चुनाव अधिकारी सीनियर सेक्शन इंजीनियर एके सक्सेना तथा मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक त्रिलोक चंद्र की उपस्थिति में सील तोड़ कर खोली गई। एनआरएमयू के शाखा प्रभारी व एनजेसीए के जिला संयोजक नरेंद्र कुमार त्यागी ने कहा कि रेलकर्मियों की हड़ताल के पक्ष में सहमति है। अब सभी घटक संगठन अपने अपने सदस्यों का मत लेकर दिसंबर के पहले हफ्ते में होने वाली राष्ट्रीय बैठक में हड़ताल से संबंधित घोषणा वोटिंग के आधार पर करेंगे। तब राष्ट्रीय संयोजक शिवगोपाल मिश्रा के नेतृत्व में एनजेसीए की ओर से केंद्र सरकार को हड़ताल का लिखित नोटिस दिया जाएगा। उसके बाद घोषित तारीख पर देशभर में महा हड़ताल शुरू हो जाएगी। जनवरी या फरवरी में यह हड़ताल होगी। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों का रुख देख कर पुरानी पेंशन बहाल कर देनी चाहिए। इस मौके पर अरुण कुमार सक्सेना, सलीम, शहजादा, महेंद्र तिवारी, माना यादव, बीएस विष्ट, चंदा, सचिन, शुभम, जयपाल, सुनील, जितेंद्र, धंनजय, कौशल, रामौतार आदि मौजूद रहे।