Shahjahanpur News: बीएसएफ जवान को शादीशुदा महिला कर रही ब्लैकमेल
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 23 Nov 2023 01:05 AM IST
शाहजहांपुर। सोशल मीडिया के जरिये बीएसएफ जवान के संपर्क में आईं महिला शादीशुदा निकली। जवान के सामने सच्चाई आने पर उसने दूरी बना ली। अब महिला उसे धमकाते हुए आधा वेतन और जायदाद मांग रही है। विरोध पर फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दे रही है।
थाना सदर बाजार के मोहल्ला खिरनीबाग निवासी चंद्र प्रकाश ने न्यायालय के आदेश पर कानपुर देहात के सिद्धार्थनगर निवासी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। चंद्रप्रकाश सीमा सुरक्षा बल के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात हैं। उन्होंने तहरीर देकर बताया कि उनके पास वर्ष 2017 में फेसबुक पर युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। फिर दोनों में बातचीत शुरू हो गई। उससे वह कई बार मिलने आई और रुपये लिए। खाते में भी रुपये डलवाए। 2022 में युवती के शादीशुदा और तीन बच्चे की मां होने की जानकारी हुई तब उसने दूरी बनाना शुरू कर दी। आरोपी ने उसे धमकी दी कि उसे हर माह रुपये नहीं दिए तो उसकी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर अपलोड कर देगी। 10 जून को उसने फोन कर आधा वेतन और सारी जायदाद की मांग की। इन्कार करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और फोटो को सोशल मीडिया पर अपलोड करने की चेतावनी दी। पीड़ित की पुलिस ने नहीं सुनी तो न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।