Shahjahanpur News: लेखपालों ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी

तिलहर तहसील में एसडीएम अंजलि गंगवार को ज्ञापन देकर अपनी मांगों को लेकर बातचीत करते लेखपाल । फोट
तिलहर। लेखपालों ने अपनी तमाम समस्याओं को लेकर तहसील में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन दिया। समस्याओं का निराकरण न होने पर शनिवार को आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवस के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
बुधवार दोपहर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष अंकुर चौधरी तथा तहसील मंत्री अरविंद कनौजिया के नेतृत्व में लेखपाल अपनी तमाम मांगों को लेकर नारेबाजी और प्रदर्शन कर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। कहा कि लेखपालों की कमी से उनके पास एक से अधिक क्षेत्र हैं। बावजूद उनसे अन्य विभागीय कार्य भी लिए जा रहे हैं। अधिकारियों द्वारा उन्हें निलंबित करने की चेतावनी दी जाती है। मंत्री अरविंद कुमार ने कहा कि लेखपालों को रजिस्टार कार्यालय से संबद्ध कर अन्य कार्य लिए जा रहे हैं। जबकि तहसील में पर्याप्त राजस्व निरीक्षक व नायब तहसीलदार मौजूद हैं। लेखपालों ने दीपावली का बोनस अब तक न प्रदान करने और नवंबर का वेतन न दिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। कहा कि आरके कार्यालय में सेवा पुस्तिका और चिकित्सा प्रतिपूर्ति कई वर्षों से लंबित है। इसका अब तक निस्तारण नहीं हो सका है। यदि तत्काल उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो वे 23 दिसंबर को होने वाले थाना समाधान दिवस का पूरी तरह बहिष्कार करेंगे। प्रदर्शन के दौरान तहसील अध्यक्ष अंकुर चौधरी, मंत्री अरविंद कनौजिया, नरेंद्र कुमार, अनिल सिंह, बुद्धप्रिय, पम्मी यादव , नितिन गंगवार, परवेंद्र, नीतू शर्मा, स्वास्तिका, रामनारायण मिश्रा, इरशाद हुसैन, जलीस अहमद, तरुण यादव, भगवानदीन, तालिब हसन, ओमप्रकाश यादव, राजीव, हिमांशु रंजन, सुबोध, नेहा सिंह, राहुलदेव राजपूत, ओमकार, श्रीवास सिंह आदि लेखपाल मौजूद रहे।