Shahjahanpur News: होटल के कमरों में अस्पताल चलने की सूचना पर एसीएमओ का छापा
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पूर्व में तैनात रहे चर्चित डॉक्टर द्वारा होटल के कमरों में मरीजों को भर्ती कर उपचार करने की सूचना के बाद एसीएमओ डॉ. आसिफ ने छापा मारा। यहां उन्हें कोई मरीज नहीं मिला।
एक चर्चित डॉक्टर द्वारा अपने क्लीनिक संचालित करने के साथ चौक कोतवाली क्षेत्र के एक होटल के कमरे में मरीजों के डेंगू का उपचार करने की शिकायत मिलने पर सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने एसीएमओ डॉ. आसिफ को जांच के लिए भेजा। उन्हें कमरों में कोई मरीज नहीं मिला। हालांकि, कई जगह पर पट्टी आदि लटकी मिलीं। इसके बाद एसीएमओ ने सख्ती से मरीजों को भर्ती नहीं करने की चेतावनी दी।
बताते हैं कि डॉक्टर अपने ही मेडिकल स्टोर से मरीजों को दवा लिख रहे हैं। सीएमओ डाॅ. आरके गौतम ने बताया कि होटल में कोई मरीज भर्ती नहीं मिला है। डॉक्टर को नर्सिंग होम में ही मरीज भर्ती करने के लिए कहा गया। सख्त कार्रवाई की हिदायत भी दी गई है।

