शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: बुखार से पांच लोगों को मौत, कई लोग बीमार

Connect News 24

शाहजहांपुर। बुखार से मौतों का सिलसिला रुक नहीं रहा है। रविवार को यहां पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि कई गांवों में लोग बीमार हैं।

अधिवक्ता कमल किशोर को कई दिन से बुखार आ रहा था। उनका निजी अस्पताल से उपचार चल रहा था। यहां उनकी बुखार से मौत हो गई। इधर, निगोही में मुश्ताक की तीन वर्षीय पुत्री इनाया की बुखार से अपनी ननिहाल कंजा वाली दरगाह फरीदपुर में मौत हो गई। पिछले शुक्रवार को अपनी मां रोशनी के साथ ननिहाल गई थी। वहीं उसे तीन दिन से बुखार आ रहा था। फरीदपुर के ही निजी चिकित्सक से इलाज कराया। रात उसकी हालत बिगड़ जाने से मृत्यु हो गई।

पुवायां। बुखार और डेंगू से मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पुवायां में भाजपा किसान मोर्चा के नगर महामंत्री की मां सहित दो लोगों की तो खुटार में एक बालक की बुखार से मौत हो गई।

पुवायां के मोहल्ला तरती बाजार निवासी भाजपा किसान मोर्चा के नगर महामंत्री गौरव अवस्थी ने बताया कि उनकी मां 68 वर्षीय मिथिलेश कुमारी को एक सप्ताह पूर्व बुखार आया था। पहले पुवायां में इलाज चलता रहा। लाभ नहीं होने पर शाहजहांपुर में इलाज कराया गया। इसके बाद वह मां को लखनऊ के निजी अस्पताल ले गए।

डॉक्टरों ने बताया कि दवा से किडनी में संक्रमण हो गया है। रविवार सुबह मिथिलेश कुमारी का निधन हो गया। राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, विधायक चेतराम, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिनेश अवस्थी सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने गौरव अवस्थी की मां के निधन पर शोक संवेदना जताई।

उधर, गांव बसंतापुर निवासी 48 वर्षीय जितेंद्र पटेल को एक अक्तूबर से बुखार आ रहा था। बरेली के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टर ने उनको डेंगू बताया था। रविवार को उनकी मौत हो गई। जितेंद्र की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

खुटार। गांव मोहनपुर निवासी राजीव वर्मा ने बताया कि उनके आठ वर्षीय पुत्र विक्रम को शनिवार शाम को अचानक बुखार आ गया था। उन्होंने पुत्र का इलाज कराया, लेकिन लाभ नहीं होने पर रविवार सुबह खुटार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने विक्रम को बाहर ले जाने की सलाह दी। लखीमपुर ले जाते समय गोला में विक्रम ने दम तोड़ दिया। परिवार के अन्य लोग भी बुखार से पीड़ित हैं। संवाद

450 लोगों की स्क्रीनिंग में नहीं मिला मलेरिया व डेंगू का मरीज

शाहजहांपुर। जिले की स्वास्थ्य इकाइयों पर 3567 मरीजों का उपचार किया गया। इस दौरान 450 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें काेई भी मलेरिया या डेंगू का मरीज नहीं मिला है। सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने बताया कि 450 मरीजों की जांच लैब के जरिये की गई। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसपी गंगवार ने बताया कि अक्तूबर में 5538 घरों की जांच की गई। 1498 घरों में मच्छरों के लार्वा मिलने पर नष्ट करा दिया गया। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button