Shahjahanpur News: घर में पोषाहार रखने वाली सहायिका पर होगी कार्रवाई
पुवायां। बंडा में पोषाहार को घर पर रखने वाली सहायिका के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। इस संबंध में वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक बाइक पर पोषाहार ले जाया जा रहा है। पोषाहार केंद्र तक पहुंचाने वाली संस्था को भी नोटिस जारी किया गया है।
चार दिन पूर्व एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दो लोग एक बाइक पर आंगनबाड़ी केंद्र से बच्चों को बंटने वाला पोषाहार ले जाते दिख रहे थे। एक अन्य वीडियो में पोषाहार को पुलिस के बरामद करने, पुलिस के वाहन से थाने ले जाने का भी वीडियो वायरल हुआ था। बाद में पोषाहार और ले जाने वालों को बिना कार्रवाई छोड़ दिया गया था। इस संबंध में थाना प्रभारी का कहना था कि उन्होंने मामले की जांच के लिए सीडीपीओ को लिखा है।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा तो जिम्मेदार अपने को बचाने में जुट गए। इस मामले में कार्यवाहक सीडीपीओ प्रमोद कुमार का कहना है कि जो पोषाहार बाइक पर दिखाया गया है, वह उनके यहां का नहीं था। गांव बरगदा की आंगनबाड़ी सहायिका वैजयंती माला का घर बंडा में है। किसी ने आंगनबाड़ी सहायिका को फंसाने के लिए उनके दरवाजे पर बोरी गिरा दी थी। सहायिका का पुत्र बोरी लदवाने लगा तो उसका वीडियो बना लिया गया। सहायिका ने पुलिस को बताया था कि कुछ पोषाहार बारिश के कारण उन्होंने केंद्र के स्थान पर घर पर रख लिया था।
प्रमोद कुमार के अनुसार, पोषाहार घर पर रखना गलत है। जांच में पाया गया है कि दो लाभार्थियों को पोषाहार नहीं दिया गया है। सहायिका के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीपीओ को लिखा गया है। नियमों के तहत पोषाहार को केंद्र तक पहुंचाने वाली संस्था को भी पोषाहार सहायिका के घर नहीं देना चाहिए था। संस्था को भी नोटिस जारी किया गया है।
कुछ दिन पूर्व सड़क किनारे मिले थे पोषाहार के सैकड़ों खाली पैकेट
बंडा क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व बाल पोषाहार के सैकड़ों खाली पैकेट सड़क किनारे पड़े मिले थे। लोगों ने मामले की शिकायत की थी। एसीडीपीओ प्रमोद कुमार ने जांच कराने की बात कही थी। इस संबंध में प्रमोद कुमार ने बताया कि खाली मिले पैकेट उनके क्षेत्र के नहीं थे। पैकेट कहां से लाए गए और किसने फेंके, इसकी जांच कठिन है। यह भी संभव है कि पैकेट अन्य किसी विभाग के हों।