Shahjahanpur News: महाविद्यालयों में मेरिट के आधार पर 18 अगस्त तक होंगे दाखिले

एसएस कॉलेज, शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इनमें प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं ने उपलब्ध सीटों से अधिक आवेदन जमा किए हैं। मेरिट सूची जारी हो चुकी है, जिसके तहत दाखिले लिए जा रहे हैं। दाखिले 18 अगस्त तक ही होंगे। बुधवार को एसएस कॉलेज में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ जमा हुई। सुबह कॉलेज खुलते ही छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लेने के लिए पहुंचना शुरू कर दिया था। छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में बनाए गए काउंटरों पर जाकर अपनी फीस जमा की और रसीद प्राप्त की। जीएफ कॉलेज तथा आर्य महिला डिग्री कॉलेज में भी छात्र-छात्राएं प्रवेश लेने पहुंचे।
एसएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार आजाद ने बताया कि महाविद्यालय में बीए की 1320, बीकॉम 580, बीएससी मैथ 480 और बायो की 160 सीटें उपलब्ध हैं। इसके सापेक्ष प्रत्येक कक्षा के लिए 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन करने की तिथि खत्म होने के बाद मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। मेरिट लिस्ट में जिनके नाम हैं, वे छात्र-छात्राएं प्रवेश ले रहे हैं। हालांकि मेरिट लिस्ट में शामिल सभी छात्र-छात्राएं प्रवेश नहीं लेते हैं। सीटें खाली रहने पर दोबारा मेरिट जारी होती है। बताया कि महाविद्यालयों में 18 अगस्त तक प्रवेश लिया जा सकता है।
जीएफ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद तारिक तथा आर्य महिला डिग्री कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुनीता जैसल ने बताया कि महाविद्यालय में प्रवेश जारी हैं। छात्र-छात्राएं अंतिम तिथि तक अपनी फीस जमा कर प्रवेश ले सकते हैं।

