Shahjahanpur News: अधिवक्ताओं ने जीती जंग, कलान का उप-निबंधक कार्यालय शुरू

कलान तहसील में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का उद्घाटन करते चेयरमैन और एआईजी स्टांप। संवाद
मिर्जापुर। अधिवक्ताओं के 11 दिन के धरने के बाद कलान तहसील में उप-निबंधक कार्यालय की शुरुआत हो गई। एआईजी स्टांप चंदन प्रकाश ने मांग पूरी होने का संदेश देकर धरना समाप्त कराया। इसके बाद स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल ने लखनऊ से ही कार्यालय का वर्चुअल उद्घाटन किया। पहली नियुक्ति प्रेमप्रकाश कठेरिया की प्रभारी उप-निबंधक के रूप में कर दी गई।
कलान तहसील में उप निबंधक कार्यालय के उद्घाटन होने के बाद अधिवक्ता नारायण देव पाठक ने ग्राम भरतापुर चिकटिया निवासी मुकेश, विवेक व सचिन मिश्र की क्रय की गई कृषि भूमि की पहली रजिस्ट्री कराई। इस अवसर पर एआईजी स्टांप चंदन प्रकाश ने कहा कि अधिवक्ता लंबे समय से इस तहसील में उप-निबंधक कार्यालय की मांग कर रहे थे।
अधिवक्ताओं की मांग और प्रशासन के प्रस्ताव पर विभागीय मंत्री रविंद्र जायसवाल ने उप-निबंधक कार्यालय का वर्चुअल उद्घाटन कर दिया है। कलान नगर पंचायत के अध्यक्ष हरे नारायण गुप्ता ने उप-निबंधक कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन करते हुए कहा कि 15 दिसंबर 2016 को नवसृजित कलान तहसील अस्तित्व में आ गई थी। तभी से अधिवक्ता उप-निबंधक कार्यालय शुरू कराने की मांग कर रहे थे।
बार संघ के अध्यक्ष रामचंद्र शाक्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव, महासचिव ओमशरण यादव, अधिवक्ता उमेश भदौरिया, अनिल यादव, सुधाकर यादव, विवेक यादव, विकास यादव, दिनेश चंद्र मिश्र, अमित कुमार, नीलेश यादव आदि ने हर्ष जताया। अधिवक्ताओं के संघर्ष में साथ देने वाले जिला पंचायत सदस्य रामकुमार राठौर, ओमपाल सिंह कुशवाहा, रवीशपाल सिंह आदि ने भी हर्ष जताया है।