Shahjahanpur News: पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर दी जान
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 09 May 2023 01:08 AM IST
निगोही। भाई शादी में रुपये खर्च करने को लेकर पत्नी से हुए विवाद के बाद निगोही इलाके के गांव बझेड़ा-बझेड़ी में रहने वाले सूबेदार के 30 वर्षीय विमलेश ने पेड़ से फंदे पर लटककर जान दे दी। वह 15 दिन पहले ही अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए नोएडा से पत्नी के साथ घर आया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विमलेश पत्नी के साथ नोएडा में रहकर मजदूरी करता था। विमलेश के भाई की शादी होने पर करीब 15 दिन पहले वह घर लौटा था। शादी के बाद रविवार रात विमलेश का पत्नी से रुपयों को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद विमलेश घर से चला गया। देर रात तक वापस नहीं आया तो परिजनों ने तलाश शुरू की लेकिन पता नहीं चला।
सोमवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर यूकेलिप्टस के पेड़ से रस्सी के सहारे फंदे पर उसका शव लटका मिला। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि विमलेश की पत्नी जमापूंजी खर्च नहीं करना चाहती थी, जबकि विमलेश ने रुपये खर्च कर दिए थे। इसी को लेकर विवाद के बाद उसने आत्महत्या कर ली।