Shahjahanpur News: कोलाघाट पुल शुरू करने की मांग को लेकर आंदोलन पांच जुलाई से

एसडीएम कार्यालय में भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने ज्ञापन दिया। संवाद
मिर्जापुर। कोलाघाट पक्के पुल से सभी वाहनों के निकाले जाने की अनुमति दिए जाने की मांग को लेकर कलान-मिर्जापुर क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों, प्रधानों और क्षेत्रीय नागरिकों ने डीएम-एसपी को ज्ञापन भेजा है। इसमें पांच और छह जुलाई को दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
जिला पंचायत सदस्य रामकुमार राठौर, रवीशपाल सिंह कुशवाहा, अनिरुद्ध यादव, ओमपाल सिंह कुशवाहा, धर्मेंद्र सिंह यादव, कलान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र शाक्य, अधिवक्ता अनिल यादव, ओमशरण यादव, बदन सिंह, प्रधान रमेश, कलान नगर पंचायत के सभासद दीपक कुमार, बबलू, अखिल भारतीय जन विकास मंच के प्रदेश महासचिव चौ. विनोद यादव सहित दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त डीएम और एसपी को ज्ञापन दिया है। वहीं भाकियू जिला उपाध्यक्ष उदयवीर यादव व सत्यप्रकाश सक्सेना ने कार्यकर्ताओं के साथ कोलाघाट पुल चालू करवाने की मांग को लेकर एसडीएम कलान को ज्ञापन देकर पांच जुलाई से जरीनपुर में कोलाघाट तिराहे पर धरना दिए जाने की चेतावनी दी है।
सीएम से कोलाघाट पुल की मरम्मत के बाद पुन: आवागमन शुरू कराने की मांग
शाहजहांपुर। राष्ट्रपति से सम्मानित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त पूर्व प्रधानाचार्य विष्णुदत्त द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। इसके माध्यम से उन्होंने नवसृजित तहसील कलान व जलालाबाद के बीच प्रवाहित रामगंगा पर निर्मित कोलाघाट पुल की मरम्मत के बाद पुन: आवागमन शुरू कराए जाने के निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पुल के जांच परिणाम के बारे में भी लोगों को नहीं बताया गया है। बताया कि इस पुल से ब्लॉक कलान, मिर्जापुर, अल्हागंज, जलालाबाद क्षेत्र के लगभग 50 हजार लोगाें का आवागमन होता है। अब पैंटून पुल को भी हटाने से लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। संवाद