Shahjahanpur News: मुख्य सड़क के साथ गलियां भी खोदीं, चौतरफा मुसीबत

अंटा से खिरनीबाग चोराहा के बीच कृष्णा कॉलोनी के पास खोदाई के दौरान फंसे वाहन। संवाद
शाहजहांपुर। सीवर लाइन की खोदाई के लिए अंटा चौराहे से जेल रोड को बंद कर दिया गया है। इस कारण पूरे शहर में जाम लग रहा है। इधर, जल निगम ने बीते दिनों गलियों में भी खोदाई शुरू कर दी। इससे शहरवासी चौतरफा मुसीबत से घिर गए हैं। तय समय 14 दिसंबर तक काम भी पूरा होता नहीं दिख रहा।
सोमवार को अंटा से जेल रोड पर कई जगह सीवर लाइन के लिए सड़क की खोदाई की गई। इसी के साथ चमकनी कर्बला में मुख्य मार्ग से फातिमा गर्ल्स स्कूल की ओर जोन वाली गली भी खोदी गई। इस कारण लोग काफी परेशान हो गए। इसके आगे कृष्णानगर कॉलोनी में सभासद रामबरन सिंह के घर जाने वाली गली में खोदाई के दौरान जलापूर्ति की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसका पानी गड्ढे में भर गया। श्रीकृष्णा मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर जेसीबी से सड़क को खोदा जा रहा था। उसके आगे दमकल कार्यालय के सामने खोदाई कर सीवर लाइन बिछाने का काम हुआ। यहां जगह-जगह पर बैरिकेडिंग की गई थी। बावजूद वाहनों का आवागमन होता रहा। वाहन चालक बैरिकेडिंग को हटाकर निकलते रहे। वाल्मीकि पार्क के पास भी यही स्थिति थी। ऐसे में खोदाई के दौरान ही वाहनों का आवागमन होने से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
वहीं एक साथ कई जगह पर सीवर लाइन बिछाने के लिए चल रहे कार्य को देखकर अगले तीन दिनों में काम पूरा होना नामुमकिन साबित हो रहा है। जबकि जल निगम के अभियंता प्रवीण कुमार का कहना है कि 14 दिसंबर तक काम को पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया था। मंगलवार को 95 प्रतिशत काम पूरा भी करा लिया जाएगा। बाकी पांच प्रतिशत अगले दो दिन में पूर्ण हो जाएगा। जिसके बाद इस मार्ग पर आवागमन सामान्य हो जाएगा और लोगों को परेशानी नहीं होगी।
14 के बाद गर्रा फाटक से बांस मंडी के बीच होगी खोदाई
– अंटा से जेल रोड पर सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद गर्रा फाटक से बांस मंडी के बीच खोदाई होगी। जल निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस मार्ग पर कार्य के दौरान आवागमन पर रोक नहीं लगाई जाएगी। एक साइड में काम चलता रहेगा और दूसरी ओर से वाहनों का आवागमन जारी रहेगा।
85 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने का दावा
– शहर में सीवर लाइन बिछाने का काम 80 प्रतिशत पूर्ण होने का दावा जल निगम के अधिकारी कर रहे हैं। वहीं मघई टोला में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी तैयार हो गया है जहां कुछ क्षेत्रों से सीवर लाइन का पानी भी पहुंचने लगा है। इसको मशीनों द्वारा साफ करके नदियों में छोड़ा जा रहा है।

अंटा से खिरनीबाग चोराहा के बीच कृष्णा कॉलोनी के पास खोदाई के दौरान फंसे वाहन। संवाद

अंटा से खिरनीबाग चोराहा के बीच कृष्णा कॉलोनी के पास खोदाई के दौरान फंसे वाहन। संवाद