Shahjahanpur News: रिपोर्ट दर्ज होने पर 24 घंटे बाद हुआ अमित का अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 11 Jun 2023 12:32 AM IST
पुवायां। गांव फत्तेपुर बुजुर्ग निवासी अमित कुमार (28) की ससुराल में मौत हो गई थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजन ने हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज न होने तक अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। शनिवार को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शाम को अंतिम संस्कार किया जा सका।
अमित की शादी पुवायां के ही गांव विक्रमपुर निवासी वंदना देवी से एक वर्ष पूर्व हुई थी। वंदना इन दिनों मायके में थीं। आठ जून को अमित ससुराल विक्रमपुर जाने की बात कहकर घर से साइकिल से निकले थे। बृहस्पतिवार रात आठ बजे अमित घायल हालत में ससुराल पहुंचे। अमित ने बताया कि गांव कलंदरगंज के रामखिलावन आदि ने उनको पीटा है। उनकी साइकिल छीन ली है। शुक्रवार सुबह आठ बजे अमित की मौत हो गई। उधर रामखिलावन ने अमित के आरोपों को झूठा बताया था।
शुक्रवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजन ने हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। शनिवार को सीओ पंकज पंत ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की और थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद परिजन थाने आए। अमित के भाई अनिल कुमार ने रामखिलावन और गांव फत्तेपुर के मोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।