Pilibhit News: निर्माणाधीन सड़क पर उखड़ रही बजरी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

खराब निर्माण को लेकर मौके पर जुटे लोग। संवाद
– प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत गांव मुड़ैला से करोड़ तक हो रहा निर्माण
– मौके पर पहुंचे अभियंता ने ग्रामीणों के सामने ठीक कराई सड़क, तब शांत हुए लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत/ गजरौला। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत मुड़ैला पुलिया से गांव करोड़ तक बनाई जा रही सड़क को लेकर ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। यही नहीं प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे अभियंता ने सड़क को ठीक कराकर ग्रामीणों को शांत कराया।
गजरौला कला क्षेत्र के मुड़ैला पुलिया से लिंक मार्ग करोड़ तक करीब सात किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि 15 साल पहले बनी सड़क वर्तमान में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क में कंक्रीट की जगह मिट्टी का अधिक प्रयोग किया गया। इसको लेकर शनिवार को जब काम शुरू किया गया तो ग्रामीण भड़क गए।
ग्रामीणों ने मौके पर जाकर नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि न तो सड़क के ऊपर कंक्रीट बिछाई और न ही सफाई की गई। मिट्टी के ऊपर मशीन से रोड डाली जा रही है। ग्रामीणों के हंगामा के बाद मौके पर अभियंता भी पहुंच गए। ग्रामीणों से वार्ता करने के बाद सड़क को ठीक कराया गया। इसके बाद ही ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
00
एक स्थान पर काम ठीक नहीं था। मौके पर जाकर उसको ठीक करा दिया गया है। उनकी मौजूदगी में काम चल रहा है। ग्रामीणों से वार्ता कर उनको संतुष्ट कर दिया गया है। ठेकेदार को काम सही कराने के लिए कहा गया है।
– शैलेंद्र चौधरी, अवर अभियंता, आरईएस