Pilibhit News: खराब हुई मैन्युअल एक्सरे मशीन, काम अटका

मैनुअल एक्सरे मशीन ठीक करता मकैनिक। संवाद
– बरेली से आया मैकेनिक भी नहीं कर सका ठीक
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिला अस्पताल की रेडियोलॉजी में मैन्युअल एक्सरे मशीन में खराबी आने से एक्सरे का काम अटक गया। पहले तो जिम्मेदार इस मशीन के ठीक होने का इंतजार करते रहे, लेकिन मरीजों की संख्या बढ़ने लगी तो मजबूरी में डिजिटल एक्सरे मशीन से एक्सरे किए गए। मैन्युअल मशीन को ठीक करने के लिए बरेली से मैकेनिक भी बुलाया गया, लेकिन वह इसे ठीक नहीं कर सका।
जिला अस्पताल में वैसे तो दो एक्सरे मशीन हैं। एक मैन्युअल है तो दूसरी डिजिटल। प्रतिदिन एक्सरे सिर्फ मैन्युअल एक्सरे मशीन से ही किए जाते हैं। डिजिटल मशीन को बंद ही रखा जाता है। शनिवार को परेशानी उस वक्त बढ़ गई जब अचानक सुबह करीब दस बजे मरीज का एक्स-रे करने के दौरान मैन्युअल मशीन खराब हो गई।
ऐसे में एक्स-रे करने का काम रोक दिया गया। रेडियोलॉजिस्ट डॉ वीके वर्मा ने बरेली से मैकेनिक बुलाया, जो करीब 11 बजे पहुंचा, पर वह मशीन को ठीक करने में कामयाब नहीं रहा। आखिरकार दो घंटे बाद डिजिटल मशीन से एक्स रे करने का काम शुरू किया गया। सीएमएस डॉ संजीव सक्सेना ने बताया कि वोल्टेज की समस्या होने से डिजिटल मशीन नहीं चलाई जाती। मजबूरन चलाना पड़ा, जिससे मरीजों को दिक्कत न हो।