Shahjahanpur News: मंदिर के निर्माण को लेकर विवाद में हमला, आर्य समाज के उप प्रधान घायल
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 15 Oct 2023 12:24 AM IST
जलालाबाद। बरेली हाईवे स्थित आर्य समाज मंदिर के निर्माणाधीन भवन को लेकर चल रहे विवाद में शनिवार को मोहल्ले के कुछ लोगों ने हमला बोल दिया, जिसमें आर्य समाज के उप प्रधान चोटिल हो गए। वहां मौजूद भाजपा के जिला महामंत्री अनिल गुप्ता किसी तरह बचकर निकल आए। हालांकि, मामले में किसी पक्ष ने तहरीर नहीं सौंपी है।
कुछ दिन पहले आर्य समाज की पुरानी बिल्डिंग को गिराकर उसकी जगह नए भवन का निर्माण शुरू किया गया था। निर्माण कार्य की देखरेख संस्था के उप प्रधान विनोद गुप्ता कर रहे हैं। इस भवन के दक्षिण दिशा से बमुश्किल दो ढाई फुट चौड़ी गली से मोहल्ले के लोगों का आना-जाना होता है। मोहल्ले वालों का कहना है कि उस दिशा की दीवार बनाने में गली का कुछ हिस्सा दबाया जा रहा है। इसको लेकर तीन-चार दिन पहले मोहल्ले वालों की शिकायत पर पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। आरोप है कि विवाद निपटने से पहले उस दीवार पर बीम डाल दी गई जिसको लेकर मोहल्ले के कुछ लोगों की विनोद गुप्ता से कहासुनी हुई थी। अल्हागंज की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रेश गुप्ता संस्था के संरक्षक हैं। शनिवार दोपहर चंद्रेश के पति और भाजपा के जिला महामंत्री अनिल गुप्ता मौके पर नाप-जोख देख रहे थे। मौके पर मोहल्ले के भी कई लोग मौजूद थे। विनोद गुप्ता भी वहां पहुंच गए। विनोद ने बताया कि उनके पहुंचते ही मोहल्ले के कई लोगों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान ईंट-पत्थर भी जमकर चले। हमले में विनोद के सिर समेत शरीर में गंभीर चोटें आईं हैं। जबकि अनिल गुप्ता किसी तरह बचकर निकल आए। विनोद का आरोप है कि उन पर हमला करने की पहले से तैयारी थी। आरोपी लाठी-डंडों के अलावा फावड़ा आदि लेकर आए थे। विनोद गुप्ता को जिला अस्पताल भेजा गया है। थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। घटना की अभी तहरीर नही मिली है।

