Shahjahanpur News: असिस्टेंट प्रोफेसर के भाई ने सुरक्षा के लिए की शस्त्र लाइसेंस की मांग
शाहजहांपुर। कटरा के बाजार मोहल्ले के रहने वाले प्रशांत गुप्ता ने डीएम को पत्र देकर सुरक्षा के लिए शस्त्र का लाइसेंस दिए जाने की मांग की है। बताया कि उनके भाई असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक गुप्ता की 19 सितंबर को चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले उनके दूसरे भाई की भी हत्या हो चुकी है। अब उन्हें भी जान का खतरा है।
कस्बा मीरानपुर कटरा के मोहल्ला बाजार खेर में 19 सितंबर को तड़के बदमाशों ने असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक गुप्ता की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड को अंजाम देते समय लोगों ने बदमाश शाहबाज को पकड़कर पुलिस को सौंपा था। पुलिस ने शाम को शाहबाज को मुठभेड़ में मार गिराया था।
दूसरे आरोपी शहरोज को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले में बदमाश शाहबाज और उसे संरक्षण देने के लिए सगीर खां डभौरा समेत अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी बीच शुक्रवार को आलोक के भाई प्रशांत गुप्ता ने कलक्ट्रेट पहुंच कर डीएम को पत्र दिया।
इसमें उन्होंने बताया कि आलोक से पहले उनके सगे बड़े भाई अतुल गुप्ता की हत्या 2009 में हो चुकी है। दो भाइयों की हत्या के बाद वह अकेले ही रह गए हैं। उनकी जान को भी लगातार खतरा बना हुआ है। ऐसे में उनके लिए शस्त्र का लाइसेंस बहुत जरूरी है। उन्होंने डीएम से लाइसेंस देने की मांग की है।