Shahjahanpur News: बीडीओ पर आवास के लिए रुपये मांगने का आरोप
जलालाबाद। आवास योजना के लाभार्थी से सुविधा शुल्क लेने के लिए दबाव बनाने समेत अन्य मामलों को लेकर क्षेत्र के कई ग्राम प्रधानों द्वारा की जा रही शिकायत के बाद ब्लाॅक प्रमुख लता सिंह ने बीडीओ का वेतन काटे जाने की संस्तुति सहित पत्र सीडीओ को दिया है। उनके समर्थन में कई ब्लाॅक प्रमुख भी सीडीओ से मिले।
आरोप है कि बीडीओ प्रह्लाद सिंह ग्राम पंचायतों में बनने वाले आवास में प्रति आवास तीन हजार रुपये वसूली का दबाव बनाते हैं। दो दिन पहले ब्लॉक परिसर में एकत्रित प्रधानों ने ब्लाॅक प्रमुख को ज्ञापन दिया था। इस संबंध में जानकारी करने पर पता लगा कि बीडीओ पांच दिनों से कार्यालय नहीं पहुंचे हैं। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को नही थी। ब्लाॅक प्रमुख के अनुसार मौजूदा बीडीओ का मूल विभाग सहकारिता है। शासनादेश के अनुसार प्रादेशिक विकास सेवा संवर्ग के अधिकारियों के अतिरिक्त किसी अन्य विभाग के अधिकारी को विकासखंड के बीडीओ का चार्ज नहीं दिया जा सकता। पत्र में शासनादेश के तहत जलालाबाद के बीडीओ को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने के अलावा बिना उच्च अधिकारियों के अनुमति के ब्लाॅक मुख्यालय से पांच दिनों तक अनुपस्थित रहने के कारण चार दिन का वेतन काटने की संस्तुति की गई है। इस दौरान लता सिंह के साथ मदनापुर के ब्लाॅक प्रमुख महेश पाल सिंह, मिर्जापुर के प्रियांशु रघुवंशी, खुटार के नमित दीक्षित, निगोही के भानु प्रताप सिंह, जैतीपुर से ब्लॉक प्रमुख के पति राजीव कश्यप आदि मौजूद रहे।
बीडीओ प्रह्लाद सिंह ने बताया कि हम पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। किसी से रुपये लेने के लिए कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा। पांच दिन अनुपस्थित रहने की बात पूरी तरह गलत है। 21 अक्तूबर को डीएम की मौजूदगी में हुए समाधान दिवस में मैं मौजूद था।

