Shahjahanpur News: नेशनल हाईवे पर हादसे में बीएड की छात्रा की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 31 May 2023 12:43 AM IST
शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सोमवार रात करीब 2:30 बजे मीरानपुर कटरा और तिलहर के बीच किसी वाहन ने बोलेरो में टक्कर मार दी। इससे बोलेरो सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। हादसे में बोलेरो में सवार बरेली के थाना इज्जतनगर की वीर सावरकर नगर कॉलोनी निवासी रामदीन की 22 वर्षीय बेटी स्वाति की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार लोग घायल हो गए।
मेरठ के एक कॉलेज से बीएड कर रही स्वाति के मामा रामस्वरूप थाना आरसी मिशन क्षेत्र के गांव कनेंग में रहते हैं। रामस्वरूप की बेटी की सोमवार को शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के बाद स्वाति, उनके भाई आदेश, भाभी छाया, बहनोई संजीव और बहन आरती बोलेरो से घर लौट रही थीं। तिलहर और मीरानपुर कटरा के बीच पीछे से आए किसी वाहन ने बोलेरो में टक्कर मार दी। इससे बोलेरो सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। रात्रि गश्त कर रही पुलिस ने सभी घायलों को बोलेरो से बाहर निकाला और सीएचसी भेजा। यहां डॉक्टर ने स्वाति को मृत घोषित कर दिया। परिवार के बाकी सदस्यों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां से रात में ही सभी को बरेली रेफर करा लिया गया। पुलिस ने स्वाति के शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों के अनुसार, स्वाति की शादी के लिए परिजन लड़का देख रहे थे।