बदायूं

Budaun News: वसूली करने पर चेयरमैन ने ठेकेदार के कारिंदों को टोका, कहासुनी पर हंगामा

Connect News 24

– कछला गंगाघाट पर मंगलवार का मामला, पुलिस ने विवाद शांत कराया

संवाद न्यूज एजेंसी

उझानी (बदायूं)। गंगा दशहरा पर घाट के आसपास रेलवे से ठेका बताकर दुकानदारों से वसूली में जुटे ठेकेदार के कारिंदों को नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश सिंह लौनिया चौहान द्वारा टोके जाने पर हंगामा हो गया। चेयरमैन के समर्थक भी जुटे तो दोनों पक्ष में जमकर कहासुनी हुई। पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने राजस्व विभाग की ओर से पैमाइश करवाने का भरोसा दिलाकर दोनों पक्ष के लोगों का शांत कर दिया।

विवाद मंगलवार पूर्वाह्न हुआ। गंगा दशहरा पर सैकड़ों की संख्या में रेल पुल और घाट के आसपास दुकानें लगी थीं। बताते हैं कि चार-पांच युवक घाट पर दुकानदारों से टैक्स वसूलने के लिए आ गए। उनका कहना था कि वसूली करने को रेलवे से उन्हें ठेका मिला हुआ है। इसकी भनक लगते ही चेयरमैन जगदीश सिंह लौनिया चौहान ने अपने समर्थक दो-तीन युवकों को भेजकर हकीकत का पता कराया तो ठेकेदार के कारिंदे उन्हें घाट पर ही मिल गए। कारिंदों को टोके जाने पर दोनों पक्ष में कहासुनी हो गई।

इसके बाद किसी ने चेयरमैन को फोन कर दिया। चेयरमैन ने मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने वसूली करने वाले युवकों को हिरासत में ले लिया। वसूली को लेकर मारपीट का भी शोर मचा, लेकिन चेयरमैन का कहना है कि कुछ युवक वसूली कर रहे थे, सो टोके जाने पर हंगामा करने लग गए। इधर, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कहासुनी का मामला उनके संज्ञान में आया था। ठेकेदार कासगंज जिले का सोरों का निवासी है। रेलवे की सीमा कहां तक है, उसका आंकलन राजस्व विभाग के कर्मचारियों को करनी चाहिए।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button