Shahjahanpur News: भाकियू ने निकाली तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा

पुवायां में तिरंगा ट्रैक्टर रैली में शामिल किसान
पुवायां। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार मनोज कुमार को देकर किसानों से जुड़ी समस्याओं का निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
लगभग 40 ट्रैक्टरों के साथ कई कार्यकर्ता पुवायां मंडी समिति परिसर में जुटे। यहां से किसान नारेबाजी करते हुए बंडा रोड, निगोही रोड, तहसील रोड होते हुए मोहम्मदी मार्ग स्थित भाकियू कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ता यहां धरने पर बैठ गए। यात्रा के दौरान पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे और यात्रा के साथ चलते रहे। किसानों के धरने पर बैठने की जानकारी पाकर सीओ पंकज पंत और तहसीलदार मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। पहले तो किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन देने से मना कर दिया, लेकिन बाद में सहमति बनने पर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि सिंचाई के लिए निशुल्क बिजली देने का वायदा करने के बाद अब तक किसानों को निशुल्क बिजली नहीं दी गई है। नलकूपों पर मीटर लगाने की प्रक्रिया को रोके जाने, नलकूप कनेक्शन लेने पर तीन सौ मीटर बिजली लाइन निशुल्क देने, गन्ने का रेट 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, चीनी मिलों से गन्ने का बकाया भुगतान जल्द कराने, छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान कराने, केंद्र सरकार एमएसपी कानून बनाए, कृषि यंत्रों को जीएसटी से मुक्त करने, खाद उपलब्ध कराने, लखीमपुर कांड के दोषियों को सख्त सजा दिलाने, बाढ़ और सूखे वाले जनपदों में मुआवजा देने की मांग की गई है।
इसके अलावा गांव भैंसटा में जमीन कुर्की के दौरान किसान के कीटनाशक पीने के मामले की जांच उच्च अधिकारी से कराने की मांग की गई। एसडीएम ने भाकियू के मांगपत्र पर संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई को कहा है। तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा में हरविंदर सिंह, जिलाध्यक्ष मनजीत सिंह धालीवाल, तहसील अध्यक्ष अनिल सिंह यादव, सुखचैन सिंह, सुखविंदर सिंह आदि का सहयोग रहा।

पुवायां में तिरंगा ट्रैक्टर रैली में शामिल किसान