Shahjahanpur News: शाहजहांपुर के उत्पादों से रूबरू होंगे देशी और विदेशी उद्यमी
शाहजहांपुर। जिले की औद्योगिक इकाइयों के उत्पादों के स्टॉल नोयडा में 21 से 26 सितंबर के बीच आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो में लगेंगे। जनपद से सात स्टॉलाें को लगाने की तैयारी है। इनमें एमएसएमई के चार, नवोदित निर्यातक के दो व ओडीओपी का एक स्टॉल शामिल है।
इंटरनेशनल ट्रेड शो में देश और विदेश के उद्यमी आदि प्रतिभाग करने आ रहे हैं। इसमें प्रत्येक जिले से सहभागिता के निर्देश आने के बाद अधिकारियों ने प्रयास शुरू किए। जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त अनुराग यादव बताते हैं कि जिले के सात स्टॉल नोयडा में ट्रेड शो में प्रतिभाग करेंगे। इसमें एमएसएमई में पोल्ट्री फीड, नॉन वीवेन बैग, फूड मैनुफैक्चुरिंग, पिरेक्टिकएवल बॉक्स, नवोदित निर्यातक इकाई में दो राइस मिलों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसी तरह एक जिला-एक उत्पाद में शामिल जरी-जरदोजी का स्टॉल भी लगाने की सहमति बन गई है। उपायुक्त ने बताया कि स्थानीय उत्पादों का स्टॉल लगने से उन्हें ऑर्डर मिलने की संभावना रहेगी, साथ ही खपत भी बढ़ सकेगी।