Shahjahanpur News: बाइक सवार की हादसे में मौत, भांजे समेत दो जख्मी
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 28 Nov 2023 12:41 AM IST

मृतक पन्ना लाल का फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के जमुका तिराहे पर रविवार रात करीब सवा दस बजे मिनी ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। जबकि, उनके भांजे समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। देर रात मृतक की पहचान पन्ना लाल निवासी गोविंदापुर थाना हैदराबाद जिला लखीमपुर खीरी के रूप में हुई। उनके साथ झिझोनिया गांव निवासी भांजा अरुण कुमार और दोस्त सोमेंद्र थे।
खेतीबाड़ी करने वाले पन्ना लाल गंगा स्नान करने के लिए मिर्जापुर के ढाईघाट जा रहे थे। एक बाइक पर तीनों लोग सवार थे। रविवार की रात को जमुका तिराहे पर मिनी ट्रक की टक्कर बाइक में लगने से पन्ना लाल की मौके पर मौत हो गई थी। भांजे अरुण और सोमेंद्र को गंभीर हालात में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। रोजा थाना प्रभारी राजीव सिंह ने रात में ही मृतक की पहचान कर परिजन को सूचना दी थी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पन्ना लाल अपने पीछे पत्नी मीरा देवी व दो बच्चों को छोड़ गए हैं।

