Shahjahanpur News: लोकसभा से पहले संगठन के चुनाव में उलझी भाजपा
शाहजहांपुर। भाजपा में निकाय चुनाव के चलते टले संगठन के चुनाव की प्रक्रिया अब शुरू हो गई है। जिलाध्यक्ष पद के लिए करीब 12 नेताओं ने आवेदन पर्यवेक्षक देवेंद्र चौधरी को सौंपे हैं। महानगर अध्यक्ष के लिए दो दिन पहले आरएसएस कार्यालय पर आए रजनीकांत माहेश्वरी को करीब 15 नेताओं ने आवेदन दिए हैं। जिलाध्यक्ष के अनुसार, 25 जुलाई तक नामों की घोषणा होने की संभावना है, फिलहाल नामों पर मंथन चल रहा है।
लोकसभा चुनाव से पहले संगठन को नए सिरे से खड़ा करने के लिए जिले व महानगर अध्यक्ष में बदलाव की तैयारी की गई है। इसके लिए आवेदन भी मांग गए थे। गत दिनाें रेती रोड स्थित भाजपा के कार्यालय पर आए पार्टी के पर्यवेक्षक व पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने बंद कमरे में जिलाध्यक्ष बनने की लाइन में लगे नेताओं को एक-एक कर कमरे में बुलाकर बातचीत की।
संगठन के लिए किए संघर्ष और त्याग के बारे में जानकारी ली। भविष्य की रणनीति पर भी सवाल किया। सांसद, विधायकों से भी फीडबैक लिया। सर्वे के आधार पर ही जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी। जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा ने बताया कि उन्होंने भी अपना आवेदन किया है। जिला उपाध्यक्ष दोदराम कुशवाहा, अरुण यादव चैनू, पवन सिंह, जिला महामंत्री कमांडो अनिल सिंह चौहान, अनिल गुप्ता, जिला मंत्री अनुराग सिंह, सर्वेश पाल, मुनीश मिश्रा आदि ने अपना आवेदन किया है।
महानगर अध्यक्ष के लिए भी हुए आवेदन
जिलाध्यक्ष के साथ महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति भी होनी है। महानगर की कमान संभालने के लिए युवा नेता वैभव खन्ना, अंशुल सिंह चौहान, अनिल वाजपेयी बाण, आशीष शुक्ला, श्याम बाबू दीक्षित, विजय जौहरी, शिवओम शर्मा, शैलेंद्र मिश्रा समेत करीब 15 नेताओं ने आवेदन दिया है।