Shahjahanpur News: समस्याओं का निस्तारण न होने पर बहिष्कार का एलान
तिलहर। अधिवक्ता एसोसिएशन की बैठक में राजस्व न्यायालयों में पीठासीन अधिकारियों के समय से न बैठने और लंबित आदेशों का निस्तारण न होने पर नाराजगी जताई गई। समस्याओं का निस्तारण 22 जून तक न होने पर 23 जून से राजस्व न्यायालयों का बहिष्कार किए जाने का निर्णय लिया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र पाल सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि राजस्व न्यायालय में पीठासीन अधिकारी समय से नहीं बैठ रहे हैं। सामान्य नामांतरण आदेशों को समय से न किए जाने तथा विरासत एवं नामांतरण आदेश फीड न किए जाने से अधिवक्ताओं को परेशानी हो रही है। अधिवक्ताओं ने एसडीएम द्वारा शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण न किए जाने पर भी नाराजगी जताई। बैठक में समस्या का समाधान न होने पर राजस्व न्यायालयों के बहिष्कार का निर्णय लिया गया। संवाद