Pilibhit News: जलकर देने के बाद भी नहीं मिल रहा 90 फीसदी आबादी को पानी

बीसलपुर का जर्जर ओवरहेड टैंक। संवाद
बीसलपुर : 1980 में 20 हजार की आबादी के लिए बना था 500 किलोलीटर की क्षमता वाला ओवरहेड टैंक, जनसंख्या एक लाख होने पर भी नहीं बनाया गया दूसरा टैंक
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। साल दर साल गृहकर के साथ जलकर अदा करने के बाद भी नगर की 90 फीसदी आबादी पालिका की पेयजल सुविधा से महरूम हैं।
पालिका प्रशासन ने नगर के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद में वर्ष 1980 में 500 किलोलीटर क्षमता वाला ओवरहैड टैंक स्थापित कराया था। वर्ष 1981 से इस ओवरहैड टैंक ने काम करना शुरू कर दिया। उस समय नगर की आबादी बमुश्किल 20 हजार थी। अब आबादी का आंकड़ा एक लाख पार कर चुका है लेकिन पेयजल आपूर्ति के लिए कोई ओवरहेड टैंक नहीं बनाया गया।
पालिका अभिलेखोंं के अनुसार नगर में इस समय 16 हजार मकान है। इनमें से लगभग डेढ़ हजार भवनों में ही पानी के कनेक्शन हैं। यानि नगर के 90 फीसदी भवनों में पेयजल के कनेक्शन नहीं है। इन घरों के स्वामियों ने पानी के लिए खुद इंतजाम किए हैं। नगर में पाइप लाइन भी वर्ष 1980 में ही बिछाई गई थी। सड़कें ऊंची होती गईं और पाइप लाइन दबती चली गई। पाइप लाइन भी अब जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है।
इसके अलावा पानी के लिए सप्लाई के लिए आरडीएसएस कॉलेज के पश्चिमी गेट पर लगा पालिका का नलकूप वर्ष 1990 में खराब हो गया था। पालिका प्रशासन ने अब तक इसका रिबोर नहीं कराया है। मौजूदा टैंक से आसपास के इलाके के एक केवल एक मंजिला भवनों में ही जलापूर्ति हो पा रही है। आसपास के इलाकों के दो और तीन मंजिला भवनों मे जलापूर्ति नहीं हो पा रही।
जर्जर ओवरहेड टैंक से की जा रही जलापूर्ति
पालिका का 43 वर्ष पुराना ओवरहेड टैंक जर्जर हो गया है। यह जगह-जगह से टपकता है। जल निगम के अधिकाारियों ने करीब एक दशक पूर्व निरीक्षण करने के बाद इस टैंक को निष्प्रयोज्य घोषित कर दिया था। पालिका अधिकारियों को इस टैंक के माध्यम से जलापूर्ति न कराने का सुझाव भी दिया गया था। बावजूद इसके, पालिका प्रशासन इसी टैंक से जलापूर्ति करा रहा है। इसकी पुष्टि नगरपालिका के जलकल अधीक्षक आलिम खां ने भी की।
–
इन इलाकों में नहीं है कनेक्शन
मोहल्ला बख्तावरलाल, बारह पत्थर गौटिया, फारेस्ट कॉलोनी, लाइनपार गौटिया, बलॅक कॉलोनी, रामलीला कालोनी, एकता नगर, रामबंगला, गांधीनगर, फायर बिग्रेट कॉलोनी, शास्त्रीनगर शिवाजीनगर, सूरज कॉलोनी, एसडीएम कॉलोनी, हबीबुल्ला खां शुमाली, हबीबुल्ला खां जनूबी, सरस्वती विहार, सीओ कार्यालय के सामने वाली कॉलोनी, शाहजहांपुर बस स्टैंड के पास वाली कॉलोनी, बसंत विहार।

बीसलपुर का जर्जर ओवरहेड टैंक। संवाद

बीसलपुर का जर्जर ओवरहेड टैंक। संवाद

बीसलपुर का जर्जर ओवरहेड टैंक। संवाद