Shahjahanpur News: टूटा रिश्ता, अब वापस होगा दहेज का सामान
शाहजहांपुर। तिलहर के एक मोहल्ले से मंडप से दुल्हन को उठाकर ले जाने के मामले में दूसरे दिन युवती ने शादी से इन्कार कर दिया। रिश्तेदारों में सहमति बनी है कि दहेज में दिया सामान एक-दूसरे को लौटा दिया जाएगा। दोनों पक्षों में समझौता शुक्रवार काे होगा।
सिंधौली के एक गांव से तिलहर के बहादुरगंज मोहल्ले में बुधवार को बरात आई थी। दुल्हन के चचेरे भाइयों ने बरात में जाकर विवाद कर दिया था। बात बढ़ने पर दुल्हन व उसके पिता को मंडप से उठाकर गाड़ी में जबरन डालकर ले गए थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दूल्हा व दुल्हन की उम्र में अंतर होने के चलते विवाद हुआ था।
पुलिस ने आरोपियों को तलाश कर लिया। दुल्हन व उसके पिता समेत आरोपियों को थाने लाया गया। इस बीच पूर्व प्रधान की कार के शीशे भी तोड़ दिए गए थेे। थाने में दुल्हन और दूल्हे पक्ष के बीच वार्ता चली। देर रात तक चली बातचीत के बाद दुल्हन शादी तोड़ने को राजी हो गई। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों में सहमति बन गई है। वर पक्ष दुल्हन पक्ष का दहेज वापस कर देगा।
सीओ तिलहर प्रयांक जैन ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों में सहमति बन गई है। बकरीद के चलते दोनों पक्षों को बृहस्पतिवार को नहीं बुलाया गया। शुक्रवार को आने पर लिखित समझौता कराया जाएगा।