Shahjahanpur News: मुकदमे में ससुरालियों पर दबाव बनाने को भाई ने मारी थी कृष्णपाल के गोली

निगोही पुलिस की गिरफ्त में भाई को गोली मारने का आरोपी विनोद
शाहजहांपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव शहजादपुर निवासी कृष्णपाल उर्फ डब्ल्यू को गोली उसके ससुराल वालों ने नहीं सगे भाई विनोद ने ही मारी थी। दहेज उत्पीड़न के मुकदमे में ससुरालियाें पर दबाव बनाने के लिए पूरी साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया। निगोही पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से केस का खुलासा करते हुए घायल के भाई विनोद को गिरफ्तार कर लिया है।
28 अगस्त की दोपहर टिकरी गांव के पास कृष्णपाल के ऊपर हमला हुआ था। उसके पिता जंडैल सिंह ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के आरोप में कृष्णपाल की सास किरन देवी, हरिओम यादव निवासी मोहल्ला गदियाना थाना सदर बाजार और रामलखन निवासी नौरसिया थाना सेहरामऊ दक्षिणी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
जंडैल सिंह ने पुलिस को बताया था कि मुकदमे की रंजिश को लेकर आरोपियों ने हमला किया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की लोकेशन को ट्रेस किया। उनकी लोकेशन काफी दूर मिली, साथ ही कृष्णपाल के भाई विनोद व बबलू की लोकेशन निगोही रोड पर मिली थी। इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने विनोद को बुलाकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने घटना से इन्कार किया। बाद में लोकेशन मिलने व घटनास्थल के आसपास देखे जाने पर उसने सारा राज खोल दिया।
एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि न्यायालय में चल रहे दहेज और घरेलू हिंसा के मुकदमे में दबाव बनाने के उद्देश्य से कृष्णपाल ने अपने भाइयों के साथ मिलकर साजिश रची थी। आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया है।
बांह में मारना चाहते थे गोली, कंधे में जा लगी
पत्नी गोल्डी से अलग होने के बाद कृष्णपाल काफी परेशान रहने लगा था। वह ससुरालियों को सबक सिखाना चाहता था। तभी उसने भाइयों के साथ घटना को पूरे प्लान के साथ अंजाम दिया। योजना के तहत बांह में गोली मारना थी, लेकिन बाइक पर विनोद का हाथ कांप गया। इसके चलते गोली कंधे में जा लगी। इस मामले में कृष्णपाल, विनोद, बबलू के नाम प्रकाश में आने पर कार्रवाई की गई।
सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष रह चुके हैं हरिओम
जंडैल सिंह द्वारा लिखाए गए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमे में हरिओम यादव निगोही क्षेत्र के सम्मानित व्यक्ति हैं। वह सपा शासनकाल में सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

