Shahjahanpur News: नगर पंचायत सदस्यों ने लगाया बंधक बनाने और फायरिंग करने का आरोप

थानाध्यक्ष को तहरीर देते नगर पंचायत सदस्य
खुटार। नगर पंचायत सदस्यों ने तीन लोगों को नामजद और आठ से दस अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि सदस्यों से प्रस्तावों पर जबरिया हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया। मना करने पर फायरिंग की गई और जातिसूचक गाली-गलौज कर बंधक बना लिया गया।
नगर पंचायत सदस्य मंगल सिंह सहित आठ सदस्य बृहस्पतिवार को भाजपा के मंडल अध्यक्ष अरुण शुक्ला, देवेश गुप्ता, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अनुपम शुक्ला आदि के साथ थाना प्रभारी ओमप्रकाश से मिले। सदस्यों की ओर से से दी गई तहरीर में बताया गया है कि 29 अगस्त को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक हुई थी। बैठक में चेयरमैन ने अपनी मर्जी से कई प्रस्ताव रजिस्टर पर लिख लिए थे। सदस्यों ने मनमाने प्रस्तावों का विरोध किया था और बैठक छोड़कर चले गए थे।
इसके बाद 29 अगस्त की रात आठ बजे एक व्यक्ति ने नगर पंचायत की समस्याओं पर चर्चा की बात कहते हुए फोन कर सदस्यों को अपने आवास पर बुलाया था। सदस्य मौके पर पहुंचे तो सभी से बैठक में लिखे गए प्रस्तावों पर हस्ताक्षर करने को कहा। सदस्यों के मना करने पर मौके पर मौजूद लोग गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सदस्यों को बुलाने वाले ने सदस्य मंगल सिंह से जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए पिस्टल से फायर कर दिया। फायर मिस होने से मंगल सिंह बच गए। मौके पर मौजूद अन्य सदस्यों और महिला सदस्यों के पतियों ने विरोध किया तो सदस्योंं को बंधक बना लिया गया। किसी तरह सदस्य मंगल सिंह, चंदन गुप्ता, शराफत खां, सुशील राठौर, देवेश गुप्ता रात 12 बजे वहां से निकल सके।
सरोजनीनगर से सदस्य सुधा गुप्ता के पति और सांसद के प्रतिनिधि सत्यपाल गुप्ता और पूर्वी गढ़ी के सदस्य सत्यप्रकाश को रात डेढ़ बजे काफी खुशामद करने के बाद छोड़ा गया। धमकी दी कि कहीं भी शिकायत की तो जान से मार देंगे। घटना से सदस्य काफी डरे हुए हैं। तहरीर पर सदस्य मंगल सिंह, चंदन गुप्ता, शराफत खां, सुशील राठौर, सत्यप्रकाश, सदस्य सुधा गुप्ता के पति सत्यपाल गुप्ता, सदस्य पूनम मिश्रा के पति अनुज मिश्रा, सरोजनी देवी के पति देवेश गुप्ता के हस्ताक्षर हैं। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

