Shahjahanpur News: बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, एक घायल

अशोक कुमार का फाइल फोटो
तिलहर। तिलहर-निगोही मार्ग पर बिरसिंहपुर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर बुधवार रात दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल एक बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
थाना निगोही के गांव सहदेवपुर निवासी 33 वर्षीय अशोक कुमार बुधवार रात लगभग आठ बजे बाइक से अपनी ससुराल थाना तिलहर के गांव बरहा मोहब्बतपुर जा रहा था। बिरसिंहपुर पुलिस चौकी से आगे ढकिया रघा मोड़ पर सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक टकरा गई। पुलिस चौकी प्रभारी एसआई राजेश कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल अशोक कुमार को तत्काल वाहन से निगोही अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दूसरे बाइक सवार 30 वर्षीय अवधेश कुमार निवासी गांव बरहा मोहब्बतपुर का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। अशोक के भाई रामकरन ने बताया कि अशोक ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम करते थे। बुधवार को वह अपनी पत्नी को लेकर रक्षाबंधन पर अपनी ससुराल बरहा मोहब्बतपुर गए थे। पत्नी को ससुराल में छोड़ने के बाद वह बाइक से घूमने के लिए बिरसिंहपुर आए हुए थे। यहां से वापस अकेले बाइक से ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान ढकिया रघा मोड़ पर हादसा हो गया। अशोक के पांच बच्चे हैं।

